गोरखपुर में LPG संकट के चलते बढ़ी इंडक्शन की मांग, बाजार से गायब हुआ हीटर और इंडक्शन

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और गैस की किल्लत का असर अब भारत के शहरों में भी दिखने लगा है. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों ने खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हा और हीटर की ओर रुख कर लिया है.

Demand for Induction
gnttv.com
  • गोरखपुर,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:00 PM IST

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और गैस की किल्लत का असर अब भारत के शहरों में भी दिखने लगा है. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों ने खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हा और हीटर की ओर रुख कर लिया है. अचानक बढ़ी मांग की वजह से बाजार में इन उपकरणों की भारी कमी हो गई है. हालात यह हैं कि होलसेल से लेकर फुटकर दुकानों तक इंडक्शन चूल्हा और हीटर लगभग गायब हो गए हैं.

गोरखपुर के कोतवाली रोड स्थित होलसेल मंडी में इन दिनों इंडक्शन चूल्हा और हीटर की भारी मांग देखने को मिल रही है. पहले जहां दुकानों पर रोजाना 2 से 4 इंडक्शन चूल्हे ही बिकते थे, वहीं अब उनकी मांग कई गुना बढ़ गई है. बाजार में आमतौर पर 2 से 3 हजार रुपये में मिलने वाला इंडक्शन चूल्हा और 300 से 700 रुपये तक का हीटर अब आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. इलेक्ट्रिकल एसोसिएशन महानगर के अध्यक्ष राजीव रस्तोगी के अनुसार गैस की कमी के चलते लोगों ने बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा दिया है. इसी वजह से बाजार में अचानक मांग बढ़ गई और स्टॉक खत्म हो गया.

कच्चे माल की कमी से उत्पादन प्रभावित
राजीव रस्तोगी ने बताया कि गोरखपुर के बाजार में आने वाला अधिकतर सामान दिल्ली से सप्लाई होता है. लेकिन मौजूदा हालात के कारण वहां भी उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इंडक्शन चूल्हों के कई पार्ट्स का कनेक्शन ईरान से जुड़े कच्चे माल से बताया जा रहा है. इसके चलते दिल्ली की करीब 20 प्रतिशत फैक्ट्रियां बंद हो चुकी हैं और कच्चे माल की उपलब्धता में दिक्कत आ रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहां रोजाना 2 से 4 इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, अब उनकी मांग 70 से 75 तक पहुंच गई है. इसी कारण बाजार में अचानक इनकी कमी हो गई है.

दुकानदारों के पास भी खत्म हुआ स्टॉक
कोतवाली क्षेत्र की होलसेल दुकानों पर भी इंडक्शन चूल्हा और हीटर का स्टॉक लगभग खत्म हो गया है. फुटकर दुकानदार भी ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए होलसेल बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें भी माल नहीं मिल पा रहा है. होलसेल दुकान के मालिक देव रस्तोगी के अनुसार पहले ऐसी स्थिति नहीं थी, लेकिन गैस की कमी के कारण अचानक मांग बढ़ गई. उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में ही करीब 150 इंडक्शन चूल्हे बिक चुके हैं, जिसके बाद स्टॉक खत्म हो गया.

आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं दाम
दुकानदारों का कहना है कि अगर मांग इसी तरह बढ़ती रही और सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले समय में इंडक्शन चूल्हों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है. दुकानदारों ने यह भी अपील की है कि बढ़ती मांग के बावजूद कोई भी व्यापारी इन उपकरणों को ज्यादा दाम पर न बेचे. फिलहाल गोरखपुर के बाजार में इंडक्शन चूल्हा और हीटर की कमी से उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदार भी परेशान नजर आ रहे हैं. अगर जल्द सप्लाई नहीं सुधरी, तो यह समस्या और बढ़ सकती है.

रिपोर्टर: गजेंद्र त्रिपाठी

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED