Moradabad News
Moradabad News
उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के बिलारी बस स्टैंड से एक नई दुल्हन के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. बस में बैठी महिला ने अपने पति को पकौड़ी लेने के लिए भेज दिया और खुद बस से उतरकर गायब हो गई. पति ने पत्नी के प्रेमी के साथ जाने का शक जताया है और थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है.
4 महीने पहले हुई थी शादी-
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के गांव ओसामाफी निवासी पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के गांव सागरपुर की रिमझिम के साथ हुई थी. रिमझिम 18 साल की है. होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी.
9 मार्च 2026 को पीतम सिंह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर वापस घर ला रहा था. दोनों बस से सैफनी से बिलारी पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए.
पति को पकौड़ा लाने भेजा और फरार हो गई-
लड़के के पिता ने बताया गया कि दोपहर करीब 2 बजे बिलारी बस स्टैंड पर बस रुकने के दौरान रिमझिम ने अपने पति से पकौड़ी खाने की इच्छा जताई और उसे पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी लेने के लिए भेज दिया. पति जब कुछ देर बाद पकौड़ी लेकर बस में लौटा तो उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी.
पीतम सिंह ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ मिला. बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई थी.
प्रेमी के साथ भागने का जताया शक-
काफी देर तक बस स्टैंड और आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पीतम सिंह ने बिलारी थाने पहुंचकर तहरीर दी. तहरीर में उसने शक जताया है कि उसकी पत्नी रिमझिम रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के गांव सागरपुर निवासी इमरान नामक युवक के साथ चली गई है.
पति के अनुसार रिमझिम की लंबाई करीब 5 फुट 3 इंच, रंग गोरा और शिक्षा इंटरमीडिएट तक है. लड़के के पिता का कहना है कुछ मालूम नहीं था हमको ऐसा और न ही किसी पर शक था.
पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर रिमझिम की गुमशुदगी दर्ज कर ली है. बिलारी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है और महिला की तलाश की जा रही है.
(जगत गौतम की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: