Advertisement

मेहंदी लगाए बैठी रही दुल्हन, दावत खाते रहे मेहमान... लेकिन स्कॉर्पियो के लिए दूल्हे ने कर दिया खेला!

दूल्हा-दुल्हन की डेढ़ साल पहले रिश्ते की जानकारी परिवारों को मिली तो परिवार वालों ने शादी के लिए सहमति दे दी. इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को शादी की तारीख तय हुई. इसके बाद जो हुआ हैरान कर देने वाला था.

bride groom news
अभिनव माथुर
  • संभल ,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:54 AM IST

जरा सोचिए, शादी का घर हो, दुल्हन सजी हो, मेहमानों के लिए शानदार दावत तैयार और बारात के स्वागत की पूरी तैयारी. सब कुछ वैसा ही था, जैसा किसी शादी में होता है. लेकिन दूल्हा बारात लेकर घर आता ही नहीं... कारण? कारण था कि दहेज में स्कॉर्पियो कार नहीं मिलने पर दूल्हे ने शादी के दिन ही बारात लाने से इनकार कर दिया. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है.

दरअसल, मामला संभल के रायसत्ती थाना क्षेत्र के परियावली गांव का है. यहां रहने वाले रियासत की 20 वर्षीय बेटी रिसालत का ज्ञानपुर सिसौना गांव के राहत अली के साथ प्रेम प्रसंग था. करीब डेढ़ साल पहले दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों को मिली तो उन्होंने शादी के लिए सहमति दे दी. इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को शादी की तारीख तय हुई.

शादी वाले दिन लड़की के घर में मेहमान जुटने लगे. दावत तैयार थी, दुल्हन सज-धजकर बैठी थी और परिवार बारात के स्वागत के लिए तैयार था. लेकिन दोपहर तक दूल्हे का कोई पता नहीं चला. फिर जो खबर मिली, उसने सबको चौंका दिया. आरोप है कि स्कॉर्पियो या स्कॉर्पियो-एन कार की मांग पूरी नहीं होने के कारण दूल्हा बारात लेकर नहीं आया.

25 लाख खर्च, हजारों मेहमानों ने खाया खाना
दुल्हन के भाई ने आरोप लगाया कि परिवार शादी की तैयारी में करीब 25 लाख रुपये खर्च कर चुका था. उनके मुताबिक, 1,500 से 2,000 मेहमान खाना भी खा चुके थे, लेकिन दूल्हा और उसके घर से कोई नहीं पहुंचा. परिवार का कहना है कि रिश्ता लंबे समय से था, इसलिए वे चाहते हैं कि रिसालत की शादी उसी युवक से हो.

पुलिस तक पहुंचा बारात का मामला
रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी के मुताबिक, गांव में बारात नहीं आने की जानकारी मिली है. इसके पीछे की वजह की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि लड़की पक्ष की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement