राजस्थान के अलवर जिले में एक शादी उस समय टूट गई, जब दूल्हे की प्रेमिका फेरों से पहले ही शादी समारोह में पहुंच गई और हंगामा कर दिया. दिल्ली की तिहाड़ जेल में तैनात जेल प्रहरी बारात लेकर शादी करने पहुंचा था, लेकिन दुल्हन के फेरे होने से पहले पूरा मामला पलट गया. आखिर में बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई.
युवती ने लगाए शादी का झांसा देने के आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था और बिना बताए चुपचाप दूसरी शादी करने जा रहा था. युवती का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चार साल पहले हुई थी पहचान
25 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान करीब चार साल पहले लक्ष्मणगढ़ निवासी धर्म सिंह से हुई थी. इस दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और भरोसे में लेकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए. युवती का आरोप है कि आरोपी हर बार जल्द शादी करने की बात कहता रहा, लेकिन बाद में मुकर गया. जब उसने शादी को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और धीरे-धीरे दूरी बना ली.
थाने पहुंचकर दर्ज करवाई शिकायत
खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई. राजगढ़ थाने में पीड़िता की रिपोर्ट पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई. इसके बाद मामला अरावली विहार थाने भेजा गया. अरावली विहार थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी धर्म सिंह निवासी लक्ष्मणगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की तलाश की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
फेरों से एक घंटे पहले पहुंची युवती
पुलिस के अनुसार, 5 मई को तिहाड़ जेल में तैनात जेल प्रहरी धर्म सिंह मीणा की शादी की रस्म चल रही थी. फेरों से करीब एक घंटे पहले एक युवती शादी समारोह में पहुंची और हंगामा कर दिया. युवती ने आरोप लगाया कि धर्म सिंह ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया है. युवती की बात सुनकर दुल्हन पक्ष हैरान रह गया और उन्होंने अपनी बेटी के फेरे करवाने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद शादी टूट गई और दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया.
जन्मदिन पर घर आने का आरोप
युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात धर्म सिंह से 2 मई 2022 को हुई थी. उस समय उसने खुद को तिहाड़ जेल का प्रहरी बताया था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. पीड़िता का आरोप है कि 20 जून 2025 को उसके जन्मदिन पर धर्म सिंह उसके घर आया और जबरदस्ती रुक गया. उसी रात उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपी ने जल्द शादी करने का वादा किया था.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पीड़िता की डॉक्टरी जांच करवाई जा रही है और उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा)
ये भी पढ़ें