scorecardresearch

आधी रात को सूट-सलवार पहनकर बस स्टैंड पर खड़ी हुईं महिला पुलिस, फिर जो हुआ वह आपको हैरान कर देगा

पुलिस कमिश्नर वी. सुमति ने महिलाओं की सुरक्षा की जमीनी हकीकत जानने के लिए एक साहसी अंडरकवर ऑपरेशन को अंजाम दिया. वे साधारण कपड़ों में रात 12:30 से 3:30 बजे तक दिलसुखनगर बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रहीं.

पुलिस अधिकारी वी. सुमति पुलिस अधिकारी वी. सुमति

हैदराबाद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. मल्काजगिरी की महिला पुलिस अधिकारी वी. सुमति ने खुद मैदान में उतरकर देर रात महिलाओं की सुरक्षा का जायजा लेने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने आम महिला की तरह सूट-सलवार पहनकर अंडरकवर ऑपरेशन किया.

दिलसुखनगर बस स्टैंड पर बिताए तीन घंटे
जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने रात करीब 12:30 बजे से लेकर सुबह 3:30 बजे तक दिलसुखनगर बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रहीं. इस दौरान उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि देर रात सफर करने वाली महिलाओं को किस तरह की परेशानियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.

तीन घंटे में करीब 40 लोग पहुंचे पास
ऑपरेशन के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया. महज तीन घंटे के अंदर करीब 40 पुरुष उनके पास पहुंचे. इनमें कई लोग नशे की हालत में बताए गए, जबकि कुछ युवक, छात्र और निजी कंपनियों में काम करने वाले लोग भी शामिल थे. कई लोगों का व्यवहार संदिग्ध और आपत्तिजनक बताया गया.

सादे कपड़ों में तैनात थी पुलिस टीम
पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस की टीम आसपास सादे कपड़ों में मौजूद थी. जैसे ही कुछ लोगों ने गलत हरकत या संदिग्ध व्यवहार किया, पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई. कई लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ की गई. पुलिस ने छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की.

महिलाओं की सुरक्षा का लिया गया जायजा
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ कार्रवाई करना नहीं था, बल्कि यह समझना भी था कि रात के समय महिलाएं किन हालातों से गुजरती हैं. इस ऑपरेशन के जरिए पुलिस ने उन जगहों की पहचान करने की कोशिश की, जहां महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ज्यादा खतरा हो सकता है.

कुछ लोगों की हुई काउंसलिंग
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए कुछ लोगों की काउंसलिंग भी की गई, ताकि उन्हें महिलाओं के प्रति सही व्यवहार और सार्वजनिक जगहों पर जिम्मेदारी समझाई जा सके. पुलिस अब इन लोगों की पहचान और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है.

लोगों ने की पुलिस अधिकारी की सराहना
इस ऑपरेशन के बाद सोशल मीडिया पर महिला पुलिस अधिकारी की काफी तारीफ हो रही है. लोग इसे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की गंभीर पहल मान रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि इस तरह के ग्राउंड लेवल ऑपरेशन से असली हालात सामने आते हैं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलती है. 
 

ये भी पढ़ें