गुजरात के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका सामने आया है. राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (GSSSB) ने संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा की घोषणा कर दी है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत श्रेणी-3 (क्लास-3) के कुल 5,370 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आज यानी 5 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. चलिए डिटेल में खबर जानते हैं.
इस भर्ती में ग्रुप-ए और ग्रुप-बी दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं. ग्रुप-ए के अंतर्गत कुल 2,365 पद भरे जाएंगे. इनमें सीनियर क्लर्क, हेड क्लर्क, ऑफिस सुपरिटेंडेंट, सामाजिक कल्याण निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. सामाजिक कल्याण निरीक्षक के लिए 125 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि मत्स्य उद्योग कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके अलावा राज्य के कलेक्टर कार्यालयों में राजस्व क्लर्क के 1,600 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी. विभिन्न विभागों में 134 हेड क्लर्क और 503 वरिष्ठ क्लर्क के पद भी इस भर्ती का हिस्सा हैं.
ग्रुप-बी के अंतर्गत कुल 3,005 पदों पर भर्ती
वहीं ग्रुप-बी के अंतर्गत कुल 3,005 पदों पर भर्ती होगी. इसमें जूनियर क्लर्क के पद शामिल हैं, जिनकी नियुक्ति राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के कार्यालयों में की जाएगी. यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास मानी जा रही है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं.
ऐसे करें आवेदन
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. उम्मीदवारों को ओजस पोर्टल (ojas.gujarat.gov.in) के माध्यम से आवेदन करना होगा. आवेदन की प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है. उम्मीदवार इस अवधि के भीतर gsssb.gujarat.gov.in और ओजस वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं.
बता दें कि, भर्ती प्रक्रिया संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के आधार पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा पैटर्न, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य नियमों से संबंधित विस्तृत जानकारी गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके.
रिपोर्टर: ब्रिजेश दोशी
ये भी पढ़ें: