Gujarat Heavy Rain Flood Alert: पूर्णा और अंबिका नदी के उफान से नवसारी में भारी तबाही, सड़कें बंद, स्कूल बंद और राहत कार्य जारी

गुजरात के नवसारी और डांग में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए. 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं, जबकि दो हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

नवसारी और डांग जिले में बाढ़
gnttv.com
  • नवसारी,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:21 PM IST

गुजरात के नवसारी और डांग जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. पूर्णा, कावेरी और अंबिका नदियों में आई बाढ़ का असर सबसे ज्यादा नवसारी जिले में देखने को मिला, जहां लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. अकेले नवसारी शहर में ही 50 हजार से अधिक लोग जलभराव की चपेट में आ गए. हालात को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं.

पूर्णा नदी का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
लगातार बारिश के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. सुबह जहां नदी 15 फीट पर बह रही थी, वहीं कुछ ही समय में जलस्तर बढ़कर 25 फीट तक पहुंच गया. इसके बाद शांतादेवी रोड, रिंग रोड, भेंसातखाड़ा, दशहरा टेकरी समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और दुकानों में घुस गया. हजारों परिवार अपने ही घरों में फंस गए और शहर का सामान्य जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया.

दो हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवसारी महानगरपालिका और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान दो हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.

250 से ज्यादा सड़कें बंद, चंदन तालाब ओवरफ्लो
भारी बारिश का असर जिले के यातायात पर भी पड़ा. जिले में 250 से अधिक सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई. वहीं विजलपोर स्थित चंदन तालाब के ओवरफ्लो होने के बाद मछलियां सड़क पर आ गईं. मछलियां पकड़ने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. हालांकि प्रशासन लगातार लोगों से बाढ़ग्रस्त इलाकों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील करता रहा.

स्कूलों में छुट्टी, प्रशासन हाई अलर्ट पर
लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.

भारी बारिश का अलर्ट जारी, राहत कार्य युद्धस्तर पर
मौसम विभाग की ओर से अभी भी भारी बारिश की चेतावनी जारी है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और नदी किनारे तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील कर रहा है. फिलहाल नवसारी में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है.

(रिपोर्ट- रौनक जानी)

ये भी पढ़ें
 

Read more!

RECOMMENDED