बिहार में शराबबंदी लागू है और शराब पकड़ने की जिम्मेदारी पुलिस की है. लेकिन जब कानून लागू कराने वाले ही शराब छिपाने लगें, तो सवाल उठना लाजिमी है. ऐसा ही मामला हाजीपुर जंक्शन से सामने आया है. यहां गरीब रथ एक्सप्रेस से बरामद 27 लीटर अंग्रेजी शराब को छिपाने के आरोप में GRP के हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों को जेल भेज दिया गया है. मामले का खुलासा स्टेशन के CCTV फुटेज से हुआ.
गरीब रथ एक्सप्रेस में पेट्रोलिंग के दौरान मिली शराब
यह मामला 20 अक्टूबर 2026 का है. दिल्ली से आ रही गरीब रथ एक्सप्रेस में हाजीपुर GRP में तैनात हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड जवान अर्चना कुमारी की पेट्रोलिंग ड्यूटी लगी थी. ट्रेन में चेकिंग के दौरान चार बैग बरामद हुए, जिनमें करीब 27 लीटर अंग्रेजी शराब रखी थी. नियम के मुताबिक, शराब मिलने के बाद इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देनी थी और मामले में केस दर्ज करना था. लेकिन आरोप है कि दोनों जवानों ने बरामदगी की सूचना किसी अधिकारी को नहीं दी और शराब से भरे चारों बैग छिपा लिए.
लेकिन रेल SP और GRP प्रभारी को लगी भनक
शराब बरामद होने के बाद उसे छिपाने के मामले की भनक रेल SP और GRP प्रभारी को लगी. इसके बाद पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान हाजीपुर स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में दोनों जवान बैग लेकर ट्रेन से उतरते हुए दिखाई दिए. CCTV में सामने आई तस्वीरों के बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और दोनों से पूछताछ की गई.
पूछताछ के दौरान हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी ने कबूल किया कि बैग में शराब थी. इसके बाद हाजीपुर GRP ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया. दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इस कार्रवाई के बाद यह साफ संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. वर्दी पहनने वाले कर्मियों पर भी कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है, अगर वे नियमों का उल्लंघन करते हैं.
हलांकि अब इस मामले में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि गरीब रथ एक्सप्रेस में शराब से भरे चार बैग कौन लेकर आया था और इसमें कौन-कौन शामिल था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. फिलहाल, 27 लीटर अंग्रेजी शराब छिपाने के आरोप में दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें