scorecardresearch

कन्या भोज के लिए बुलाई गईं 7 बच्चियां, 500 रुपये गायब होने पर रिटायर्ड शिक्षिका ने कमरे में किया बंद और मारपीट

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित शहनाई रेसिडेंसी में नवरात्रि-दशहरे पर कन्या भोज के लिए बुलाई गईं 7 बच्चियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. रिटायर्ड शिक्षिका पर आरोप है कि पूजा में रखा 500 रुपये का लिफाफा गायब होने पर उन्होंने बच्चियों पर शक कर उन्हें कमरे में बंद रखा. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
Indore Shehnai Residency Incident Indore Shehnai Residency Incident

जहां एक तरफ लोग नवरात्रि के अवसर पर कन्याओं की पूजा कर उनका सम्मान करते हैं, वहीं ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया. इंदौर में नवरात्रि और दशहरे के मौके पर कन्या भोज के लिए बुलाई गई सात बच्चियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पूजा में रखा 500 रुपये का लिफाफा नहीं मिलने पर रिटायर्ड शिक्षिका ने बच्चियों पर चोरी का शक जताया और उनके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, बच्चियों को कई घंटों तक कमरे में बंद रखने का भी आरोप है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कन्या भोज के लिए बुलाई गई थीं बच्चियां
यह मामला इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में एमआर-9 चौराहे के पास स्थित शहनाई रेसिडेंसी का है. जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि और दशहरे के अवसर पर रिटायर्ड शिक्षिका अनिता ने सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए अपने फ्लैट पर बुलाया था. कन्या भोज के दौरान पूजा में 500 रुपये का एक लिफाफा रखा हुआ था. इसी बीच लिफाफा गायब हो गया. जब लिफाफा नहीं मिला, तो शिक्षिका ने बच्चियों पर चोरी करने का शक जताया. आरोप है कि इसी बात को लेकर उन्होंने बच्चियों के साथ मारपीट की.

शिकायत के मुताबिक, लिफाफा गायब होने के बाद बच्चियों को मारपीट का सामना करना पड़ा. आरोप यह भी है कि घटना के बाद उन्हें कई घंटों तक एक कमरे में बंद रखा गया और बाहर से ताला लगा दिया गया. कन्या भोज के लिए घर बुलाए जाने के बाद बच्चियों के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने की बात सामने आने पर मामला पुलिस तक पहुंचा. हालांकि, लिफाफा किसने लिया था या वह कहां गया, इसे लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

परिजनों की शिकायत पर रिटायर्ड शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चियों के परिजन एमआईजी थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिटायर्ड शिक्षिका अनिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने मारपीट करने और बच्चियों को कमरे में बंद रखने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
 

ये भी पढ़ें