scorecardresearch

Mumbai-Bengaluru Vande Bharat Sleeper: दिवाली पर रेलवे का बड़ा तोहफा, 1 नवंबर से शुरू हो सकती है मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

दिवाली के अवसर पर मुंबई और बेंगलुरु के बीच 1 नवंबर 2026 से नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने की उम्मीद है. करीब 16 घंटे में सफर पूरा करने वाली यह ओवरनाइट ट्रेन यात्रियों के 6 घंटे बचाएगी. 16 कोच वाली इस ट्रेन में 3-टियर, 2-टियर और फर्स्ट क्लास एसी कोच की सुविधा होगी.

Advertisement
Mumbai-Bengaluru Vande Bharat Sleeper Mumbai-Bengaluru Vande Bharat Sleeper

दिवाली के मौके पर ट्रेन से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है. मुंबई और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. ये ट्रेन यात्रा की शुरुआत 1 नवंबर 2026 से होने की उम्मीद है. इससे दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी. ये ट्रेन रात की होगी, जिससे समय भी बचेगा.  प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से मुंबई और बेंगलुरु के बीच यात्रा में करीब 16 घंटे लगने की उम्मीद है. फिलहाल उद्यान एक्सप्रेस से इस दूरी को तय करने में लगभग 22 घंटे लगते हैं. ऐसे में नई ट्रेन से यात्रियों के करीब 6 घंटे बच सकते हैं.

रात में चलेगी ट्रेन, अगले दिन पहुंचेंगे यात्री
प्रस्तावित टाइमटेबल के मुताबिक, बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल से ट्रेन शाम 7:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी. वहीं, मुंबई से बेंगलुरु के लिए ट्रेन रात 8:10 बजे रवाना होने और अगले दिन सुबह 11:55 बजे पहुंचने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी इस ट्रेन को सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना बना रहे है.

इन स्टेशनों पर हो सकता है ठहराव
बेंगलुरु और मुंबई के बीच चलने वाली इस ट्रेन के रास्ते में अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण स्टेशन पर ठहराव प्रस्तावित हैं. हालांकि, ट्रेन के अंतिम स्टॉपेज और टाइमटेबल की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार अभी आना बाकी है.

ट्रेन में मिलेंगी तीन तरह की एसी स्लीपर सीटें
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच और करीब 823 बर्थ होने की उम्मीद है. इसमें यात्रियों के लिए तीन श्रेणियां होंगी:
एसी थ्री-टियर
एसी टू-टियर
एसी फर्स्ट क्लास

सुरक्षा और सुविधाओं का भी रखा गया है ध्यान
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए यूएसबी चार्जिंग, स्वचालित दरवाजे, आधुनिक टॉयलेट और इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट जैसी सुविधाएं होंगी. सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और आग का पता लगाने वाली व्यवस्था भी प्रस्तावित है. मुंबई और बेंगलुरु के बीच नियमित सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन उपयोगी विकल्प बन सकती है.
 

ये भी पढ़ें