Advertisement

Hathras Crime: बर्खास्त सिपाही की खौफनाक साजिश, भिखारी को मारकर जलाया, फिर पास रख दिया अपना ID कार्ड, ऐसे खुली पोल

उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां यूपी पुलिस के एक बर्खास्त सिपाही रामवीर सिंह ने खुद को कागजों में 'मृत' दिखाने के लिए एक बुजुर्ग भिखारी की हत्या कर दी.

मामले की जांच
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:49 PM IST

उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को मृत साबित करने के लिए यूपी पुलिस के एक बर्खास्त सिपाही ने बेहद सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. आरोप है कि उसने एक भिखारी की हत्या कर उसके शव को जला दिया और अपनी पहचान से जुड़ा सामान वहीं छोड़ दिया, ताकि पुलिस उसे मृत समझ ले. हालांकि जांच के दौरान पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

12 मार्च को सामने आई थी घटना
यह पूरी घटना 12 मार्च की बताई जा रही है. उस दिन पूर्वोत्तर रेलवे के हाथरस रोड हॉल्ट स्थित टीनशेड के अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति का जला हुआ शव मिला था. शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी. मामले में जीआरपी थाना हाथरस सिटी में अपराध संख्या 03/2026 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी. शुरुआती जांच में सिर्फ इतना पता चल पाया कि मृतक एक भिखारी था, जो स्टेशन के आसपास देखा जाता था.

शव के पास छोड़ा अपना पहचान पत्र
जांच के दौरान पुलिस को जले हुए शव के पास एक पहचान पत्र और कुछ अन्य सामान मिला. यह सामान आरोपी ने जानबूझकर वहां रख दिया था, ताकि पुलिस यह मान ले कि शव उसी का है. आरोपी की मंशा खुद को मृत घोषित करवाने की थी, जिससे वह कानून और अपने पुराने मामलों से बच सके. इसी योजना के तहत उसने यह खौफनाक साजिश रची.

जांच में खुली सच्चाई
जीआरपी की गहन जांच और सबूतों की पड़ताल में मामला पूरी तरह पलट गया. पुलिस ने पाया कि जिस व्यक्ति को मृत माना जा रहा था, वह वास्तव में जीवित है. जांच के बाद मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र निवासी रामवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, रामवीर सिंह यूपी पुलिस का बर्खास्त सिपाही है, जिसे पहले आपराधिक गतिविधियों के कारण सेवा से हटाया जा चुका था.

खुद को बचाने के लिए रची थी साजिश
जीआरपी हाथरस सिटी के प्रभारी सुयश सिंह ने बताया कि आरोपी ने खुद को मृत दिखाने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया था. उसने एक असहाय बुजुर्ग भिखारी को निशाना बनाया और फिर शव को जलाकर अपनी पहचान से जुड़ा सामान वहां छोड़ दिया. लेकिन जांच में उसकी पूरी योजना बेनकाब हो गई.

आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह कदम किन कारणों से उठाया और क्या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक उद्देश्य भी था.

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement