Advertisement

Himachal Weather: पर्यटक दें ध्यान... 24 घंटे हो रही बारिश से हिमाचल के बिगड़े हालात, बंद हुआ ये हाईवे, जगह-जगह भूस्खलन और 7 जिलों में येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में 24 घंटे से लगातार बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है. सोलन में कालका-शिमला हाईवे की एक लेन बंद है, वहीं परवाणू में सड़क धंस गई. सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है.

Himachal Landslide
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:39 PM IST

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर मुश्किलें बढ़ाता नजर आ रहा है. राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. लगातार बरस रहे पानी की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जबकि नदी-नाले भी उफान पर हैं. बारिश के कारण सड़कों पर भी खतरा बढ़ गया है. ऐसे में हिमाचल जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. भारी बारिश का असर सोलन के वाकनाघाट में भी देखने को मिला है. यहां कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर भूस्खलन हुआ है. पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर, पेड़ और मलबा सड़क पर आ गिरा. इसके चलते हाईवे की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई है. भूस्खलन के बाद सड़क पर मलबा फैल गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. लगातार बारिश के बीच हाईवे पर स्थिति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

सड़क का हिस्सा अचानक धंसा
वाकनाघाट में भूस्खलन के साथ ही भारी बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा भी अचानक धंस गया. बारिश के बाद जमीन कमजोर होने की वजह से सड़क को नुकसान पहुंचा है. ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ गया है.

परवाणू के सेक्टर-5 स्थित ओल्ड कसौली रोड पर भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटना सामने आई है. यहां सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया. घटना के दौरान एक कैंटर नाले की ओर लटक गया. इस घटना ने बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में सड़क पर बढ़ते खतरे की तस्वीर सामने रख दी है.

नदी-नाले उफान पर
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. बारिश के बीच नदियों और नालों के उफान पर आने से कई इलाकों में खतरा बढ़ गया है. भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं के बीच पहाड़ी रास्तों पर सफर करना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है.

सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के कई क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर शामिल हैं. वहीं गुरुवार के लिए भी चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी शामिल हैं.

पर्यटकों को बरतनी होगी सावधानी
लगातार बारिश, भूस्खलन, सड़क धंसने और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हिमाचल आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी बढ़ सकती है. खासकर जिन रास्तों पर भूस्खलन हुआ है, वहां आवाजाही प्रभावित हुई है. ऐसे में पर्यटकों को मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखकर ही सफर करना चाहिए. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के दौरान अचानक भूस्खलन और सड़क धंसने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए अतिरिक्त सावधानी रखना जरूरी है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement