ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में शनिवार को आए एक भयंकर बवंडर ने लोगों के होश उड़ा दिए. अचानक आए इस तेज बवंडर ने मौके पर लगे हुए कई टेंट और फूड स्टॉल को उखाड़कर दूर फेंक दिया. यह पूरी घटना लखनपुर ब्लॉक के अढ़ापड़ा इलाके में घटित हुई, जहां बीसीजीसीएल परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां की गई थीं.
कार्यक्रम के लिए तय जगह पर बड़े-बड़े स्टेजॉ, टेंट और अन्य सुविधाएं की गईं थी. वहां एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन होना था, जिसमें कई वीवीआईपी मेहमान भी आने थे. जिनको देखते हुए सुविधाओं को भी अच्छा रखा गया था.
इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट बदल ली और तेज रफ्तार के साथ एक भयंकर बवंडर मौके पर पहुंच गया. बवंडर इतना शक्तिशाली था कि मौके पर लगे स्टॉल्स और टेंटों को उखाड़कर हवा में उड़ा दिया. जिसके बाद देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
राहत की बात यह रही कि बवंडर सीधे मेन स्टेज की ओर नहीं गया. वह मंच से अलग दिशा में बढ़ते हुए आगे निकल गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई. अगर यह बवंडर मंच या वीवीआईपी वाली जगह की ओर बढ़ता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.
घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए डर और घबराहट का माहौल बन गया. बवंडर गुजरने के बाद नुकसान का आकलन किया गया, जिसमें कई टेंट और फूड स्टॉल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई. घटना में किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.