21 June 2026 Weather
21 June 2026 Weather
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 15 घंटे के भीतर कई इलाकों में मौसम अचानक करवट ले सकता है. कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, असम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, मेघालय और सिक्किम में मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश भी हो सकती है.
दिल्ली-NCR को मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.
यूपी और बिहार के कई जिलों पर नजर
उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, नोएडा, मेरठ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. यहां बरिश के साथ आंधी की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
वहीं बिहार के भोजपुर, सिवान, बक्सर, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर और भागलपुर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के जयपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है. जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, अजमेर और अलवर जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, मंदसौर, राजगढ़ और शिवपुरी सहित कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. घर से निकलते वक्त सतर्कता बरते.
पहाड़ी राज्यों में अलर्ट
उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, चमोली और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मनाली, कांगड़ा और किन्नौर में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है. इन इलाकों में हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इन इलाकों के लोगों को विशेष सतर्कता बरते को कहा गया है.
दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, कन्याकुमारी, इरोड और सलेम समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. चेन्नई के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें