देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिन में तेज गर्मी पड़ रही है, लेकिन शाम होते-होते आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो जाता है. इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने 8 जून 2026 को 11 राज्यों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, तो कहीं झमाझम बारिश की चेतावनी दी गई है.
अभी कहां तक पहुंचा मानसून?
दक्षिण भारत में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. केरल में दस्तक देने के बाद अब यह महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ेगा. हालांकि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून पहुंचने में अभी समय है. राजधानी में मानसून के जून के आखिरी सप्ताह में पहुंचने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है.
देश के कुछ हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से मिलेगी राहत?
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलती दिखाई दे रही है. आने वाले कुछ दिनों तक वहां का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. कड़ी धूप के बीच-बीच में तेज हवाएं, गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 जून तक दिल्ली एनसीआर में वेदर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग के द्वारा 11 तारीख तक आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहेगा.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए चेतावनी
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, अयोध्या, जौनपुर, देवरिया और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 10 से 12 जून के बीच बारिश और आंधी-तूफान की पूरी स्थिति बन सकती है.
बिहार में आंधी और भारी बारिश का खतरा
जहां एक तरफ कुछ राज्यों में गर्मी से लोग परेशान हैं, वहीं बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, बक्सर, रोहतास, वैशाली और नालंदा समेत कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की संभावना आज और आने वाले दिन में बनी रहेगी. भागलपुर और बांका जैसे इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. अगले दो दिनों तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी असर
मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. भोपाल, उज्जैन, इंदौर, सागर और रीवा समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में फिलहाल बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा. कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी भी चल सकती है. हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान फिर बढ़ सकता है. पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
महाराष्ट्र, केरल और दक्षिण भारत में भारी बारिश
महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाड़ा, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. वहीं केरल के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
वहीं तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सावधान रहने की भी सलाह दी है.
लोगों को रहना होगा अलर्ट
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और ट्रांसफॉर्मर के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है. आंधी और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है. आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है. ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर जांच ले लें.
ये भी पढ़ें