Blood Donation Camp on Wedding Anniversary
Blood Donation Camp on Wedding Anniversary
सोनीपत में राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित शिक्षिका सुनीता ने अपनी शादी की 28वीं सालगिरह को खास अंदाज में मनाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया. मानव सेवा और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोनीपत मेयर राजीव जैन पहुंचे. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए रक्तदान को जीवनदान बताया.
हर अवसर पर एक शिविर
जहां लोग सालगिरह पर होटल और ढाबों में पार्टियां करते नजर आते हैं, वहीं शिक्षिका सुनीता ने अपनी शादी की 28वीं सालगिरह पर रक्तदान शिविर लगाकर मानवता का संदेश दिया. उन्होंने इस खास अवसर पर लोगों को मानवता की सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया. सुनीता का कहना है कि जीवन की खुशियों को समाज के साथ साझा करने का सबसे अच्छा माध्यम सेवा कार्य हैं, इसलिए वह वर्षों से अपने जन्मदिन-शादी की सालगिरह और विशेष अवसरों पर ऐसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है.
क्या बोले मेयर राजीव जैन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सोनीपत मेयर राजीव जैन ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए रक्तदान को जीवनदान बताया. उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों की जान बचाने में मददगार साबित हो सकता है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए. सुनीता ने अपनी शादी की सालगिरह पर ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर समाज में एक अच्छी मुहिम की शुरुआत कर रखी है. 28वीं शादी की सालगिरह पर समाज में एक अच्छा मैसेज देने का काम किया है.
- पवन राठी की रिपोर्ट