हाईराइज सोसाइटी में रहने वालों के लिए जरूरी एडवाइजरी, गर्मी में आग से बचने के लिए इन बातों का रखें खास ध्यान

अखबार, गत्ते, पैकेजिंग सामग्री या कबाड़ जैसी चीजें बालकनी में न रखें. अक्सर गर्मी या चिंगारी से ये चीजें आसानी से आग पकड़ सकती हैं.

Ghaziabad Fire News
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:04 PM IST
  • हाईराइज बिल्डिंग में आग लगने का खतरा
  • AC इस्तेमाल करते समय क्या सावधानी रखें?

गाजियाबाद की हाईराइज सोसाइटी में लगी भीषण आग ने लोगों को झकझोर दिया. इस हादसे में 9 फ्लैट आग की चपेट में आ गए और लोगों की मेहनत की कमाई पलभर में राख हो गई. घटना के बाद दिल्ली-NCR की हाईराइज इमारतों में फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

गर्मी में क्यों बढ़ता है खतरा
गर्मियों में तापमान बढ़ने के साथ ऊंची इमारतों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ती हैं. हाल ही में ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में भी आग लगी थी, हालांकि समय रहते उस पर काबू पा लिया गया. लेकिन ऐसी घटनाएं लोगों के लिए चेतावनी बन रही हैं.

बिल्डरों ने जारी की एडवाइजरी
लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए अब बिल्डर्स और सोसाइटी मैनेजमेंट ने निवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि वे कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर आग के जोखिम को कम करें और सुरक्षित माहौल बनाए रखें.

एडवाइजरी में क्या कहा गया है?

  • एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि बालकनी में अखबार, गत्ता या कोई भी ज्वलनशील सामान न रखें.

  • गर्मी या चिंगारी से ये जल्दी आग पकड़ सकते हैं. साथ ही AC के आउटडोर यूनिट के आसपास सफाई रखें और वहां किसी भी तरह की ज्वलनशील चीज न रखें.

  • एक ही सॉकेट या एक्सटेंशन बोर्ड पर कई भारी उपकरण चलाने से ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ता है. ऐसे में AC, माइक्रोवेव जैसे उपकरणों को 16A सॉकेट में ही लगाएं.

  • साथ ही समय-समय पर वायरिंग और कनेक्शन की जांच कराएं.

  • LPG सिलेंडर को गर्मी और बिजली के स्रोतों से दूर रखें और घर में वेंटिलेशन बनाए रखें.

  • किचन चिमनी की नियमित सफाई भी जरूरी है, क्योंकि उसमें जमा चिकनाई आग पकड़ सकती है.

फायर सिस्टम से न करें छेड़छाड़
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि फायर स्प्रिंकलर को ढकना या ब्लॉक करना खतरनाक हो सकता है. ये सिस्टम आपात स्थिति में आग पर काबू पाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

गर्मी में सतर्क रहना बेहद जरूरी
अप्रैल में ही गर्मी का असर दिखने लगा है और मई-जून में तापमान और बढ़ेगा. ऐसे में पहले हुई घटनाओं से सबक लेते हुए हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.

-आशुतोष मिश्रा की रिपोर्ट

 

Read more!

RECOMMENDED