Advertisement

GujaratiMatrimony पर हुई मुलाकात, दिया निवेश से मुनाफे का झांसा... कनाडा की युवती ने ऐंठे व्यापारी से 1.10 करोड़ रुपए

पहली पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरी शादी के लिए पार्टनर खोजने वाला युवक कनाडा की एक युवती के झांसे में आ गया. जिसके उसे निवेश से मोटे मुनाफे का लालच दिया. जिसके बाद भरोसा जीतने के बाद युवती ने युवक से 1.10 करोड़ रुपए ऐंठ लिए.

Cyber Fraud
ब्रिजेश दोशी
  • अहमदाबाद,
  • 04 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

अहमदाबाद में साइबर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें 'GujaratiMatrimony' ऐप के जरिए बड़ी धोखाधड़ी की गई है. GujaratiMatrimony के माध्यम से संपर्क करके दवा बनाने के कच्चे माल में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया. इस मामले में 1.10 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया है. 

चांदखेड़ा के 51 वर्षीय व्यापारी ने पत्नी की मृत्यु के बाद दोबारा शादी करने के लिए एक मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया था. कनाडा की एक युवती ने उन्हें फार्मास्युटिकल रॉ मटेरियल में भारी मुनाफे का लालच दिया और व्यापारी से 1.10 करोड़ रुपये ऐंठ लिए. पैसे लेने के बाद संपर्क न हो पाने पर उन्हें पता चला कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है.

कहां का है पूरा मामला?

अहमदाबाद के चांदखेड़ा इलाके में रहने वाले एक अधेड़ उम्र के व्यापारी के साथ धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक मैट्रिमोनियल साइट पर कनाडा की युवती बनकर व्यापारी को प्रेमजाल में फंसाया गया और फार्मास्युटिकल कच्चे माल में भारी मुनाफे का लालच देकर 1.10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई.

चांदखेड़ा में रहने वाले 51 वर्षीय व्यापारी मशीनरी एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं. पत्नी के निधन के बाद, उन्होंने लगभग आठ महीने पहले दूसरी शादी के लिए एक गुजराती मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया था. इस दौरान कनाडा की एक युवती से उनका संपर्क हुआ. 

कैसे फंसाया जाल में?

आरोपी युवती ने उन्हें बताया कि वह मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और अभी टोरंटो में 'नोवा मेडिकल लैब्स' में चार्टर्ड अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रही है. साथ ही उसने शादी के लिए अपनी सहमति भी जताई. इसके बाद व्यापारी का भरोसा जीतकर युवती ने बताया कि उसकी कनाडाई कंपनी को दवा बनाने के कच्चे माल 'नडाला बी रूट' (Nadala B Root) की बड़े पैमाने पर जरूरत है. जिसके बाद उसने भारत में सस्ते सप्लायर के तौर पर 'भारती फार्मा' के मेहराब नाम के व्यक्ति से संपर्क करवाया. 

कैसे दिया मुनाफे का लालच?

शुरुआत में सप्लायर से 2.50 लाख रुपये में सैंपल खरीदकर उसे कनाडाई कंपनी को 4.50 लाख रुपये में बेचने और भारी मुनाफ़ा कमाने का लालच दिया गया. सैंपल के बाद बड़ा ऑर्डर मिलने की बात कहकर ठगों ने बड़ी रकम की मांग की. व्यापारी ने भरोसा करके अपने दोस्तों और परिचितों से 1.10 करोड़ रुपए जुटाए और युवती तथा उसके साथियों द्वारा बताए गए चार अलग-अलग खातों में 24 ट्रांजैक्शन के जरिए यह रकम ट्रांसफर कर दी. पैसे जमा होने के बाद युवती का फोन स्विच ऑफ आने लगा. 

केस दर्ज, लेकिन आरोपी पकड़ के बाहर

धोखाधड़ी का एहसास होते ही अधेड़ उम्र के व्यापारी ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क किया और कानूनी शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता की अर्ज़ी के आधार पर साइबर क्राइम ने स्मिता शेट्टी, मेहराब और फ्रेड ब्रैंडन समेत अन्य ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए थे, उनकी जानकारी, आईपी एड्रेस और फोन नंबर के आधार पर इस अंतरराष्ट्रीय साइबर घोटाले की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेजं कर दी है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement