scorecardresearch

Jewar Toll Plaza Free Entry: जेवर टोल प्लाजा पर अब नहीं लगेगा टोल टैक्स! लोगों को मिली बड़ी राहत, जानें किसे और कैसे मिलेगा फायदा

जेवर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को 14 साल के लंबे इंतजार के बाद जेवर टोल प्लाजा पर टोल टैक्स से राहत दे दी गई है. लाभार्थी 17 सितंबर तक अपने पहचान पत्र और आरसी के साथ पंजीकरण कराकर इस फ्री सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

Advertisement
Jewar Toll Plaza Free Entry Jewar Toll Plaza Free Entry

जेवर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण और संचालन के बाद से करीब 14 वर्षों से स्थानीय निवासी टोल शुल्क में राहत की मांग कर रहे थे. अब जनहित में फैसला लिया गया है कि यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित और आसपास के पात्र ग्रामों के स्थानीय नागरिकों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से मुक्ति की सुविधा दी जाएगी.

किसानों और स्थानीय लोगों की मांग पर फैसला
स्थानीय नागरिकों की इस मांग को लेकर समय-समय पर क्षेत्र के किसानों, सामाजिक प्रतिनिधियों और अलग-अलग किसान संगठनों ने प्रयास किए. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली सुरक्षा समूह की कंपनी के अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता की. बैठकों में क्षेत्रवासियों की रोजाना आने-जाने की समस्या, किसानों के योगदान और स्थानीय हितों को प्रमुखता से रखा गया. इसके बाद पात्र स्थानीय लोगों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से राहत देने का निर्णय लिया गया.

स्थानीय लोगों को ऐसे मिलेगा फायदा
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पात्र स्थानीय नागरिकों को अपने स्थानीय निवासी होने का प्रमाण, आधार कार्ड और वाहन की आरसी की प्रति लेकर जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर या निर्धारित कार्यालय में वाहन का पंजीकरण कराना होगा. जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर तक पंजीकरण कराने की व्यवस्था है. आवश्यक सत्यापन और पंजीकरण पूरा होने के बाद निर्धारित व्यवस्था के तहत स्थानीय नागरिकों को टोल शुल्क मुक्त आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

ग्रेटर नोएडा आने-जाने में होगी आसानी
जेवर और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे रोजाना की आवाजाही का प्रमुख रास्ता बन चुका है. ग्रेटर नोएडा में जिला मुख्यालय, न्यायालय, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, यमुना प्राधिकरण और दूसरे शासकीय व जरूरी संस्थान हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए बार-बार एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना पड़ता है और टोल शुल्क देना पड़ता था. टोल में राहत मिलने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों के खर्च में कमी आएगी और जरूरी कामों के लिए आवागमन भी आसान होगा.

विधायक बोले- किसानों के योगदान का सम्मान
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सिर्फ टोल शुल्क से राहत देने का फैसला नहीं है, बल्कि उन किसानों और स्थानीय नागरिकों के योगदान के प्रति सम्मान भी है, जिनके सहयोग और त्याग से यमुना एक्सप्रेसवे और पूरे क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर बनी है. उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी करीब 14 वर्षों से इस सुविधा की मांग कर रहे थे और किसान संगठनों ने भी लगातार इस मुद्दे को उठाया.

17 सितंबर से सुविधा मिलने की अपील
विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के पात्र स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय निवासी होने का प्रमाण और वाहन की आरसी की प्रति लेकर 17 सितंबर से पहले या बाद में भी जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर के पास अपना पंजीकरण करा लें, ताकि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 17 सितंबर से इस सुविधा का लाभ मिल सके.

विकास के बीच स्थानीय लोगों को राहत
जेवर क्षेत्र में एयरपोर्ट समेत कई बड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों का ग्रेटर नोएडा और दूसरे जरूरी संस्थानों तक आना-जाना भी लगातार महत्वपूर्ण है. विधायक ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए यमुना प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन, किसानों, किसान संगठनों और स्थानीय नागरिकों के लंबे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया.
 

ये भी पढ़ें