Advertisement

सूरज ढला तो स्कूल का बदला माहौल, क्लासरूम बन गया मयखाना, बेंच पर नजर आने लगे शराब के ग्लास... VIRAL VIDEO

जहां बच्चे शिक्षा के लिए दिन में जाते हैं, वहीं रात के समय स्कूल का गार्ड कुछ लोगों के साथ क्लासरूम को मयखाने में बदल देता है. एक वायरल वीडियो ने इस स्कूल में चल रहे इस काम को उजागर कर दिया. जिसके बाद गार्ड को निलंबित कर दिया गया.

वीडियो वायरल.(Photo: Screengrab)
संजय सिंह राठौर
  • सूरत,
  • 20 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:32 PM IST

गुजरात में शराबबंदी कानून के दावों की पोल खोलता एक गंभीर मामला सूरत शहर से सामने आया है. सूरत के एक सरकारी स्कूल के क्लासरूम में कुछ लोगों द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. जिस जगह दिन के समय बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, रात होते ही उसी क्लासरूम को मयखाने में तब्दील कर दिया गया.

वायरल वीडियो सूरत के भेंस्तान इलाके स्थित सिद्धार्थ नगर के श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्राथमिक शाला क्रमांक 258 और स्वामी आत्मानंद सरस्वती शाला क्रमांक 77 सरकारी स्कूल का है. एक ही कैम्पस में चलने वाले अलग-अलग भाषा के दोनों स्कूलों का संचालन सूरत महानगरपालिका की नगर प्राथमिक शिक्षण समिति करती है. 

स्कूल बेंच पर नजर आए शराब भरे ग्लास

वीडियो में तीन से चार लोग क्लासरूम के भीतर बैठकर पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाले बेंचेस पर गिलासों में शराब भरते और पीते साफ नजर आ रहे हैं. स्कूल की बेंचों और डेस्क के बीच बैठकर की जा रही इस शराब पार्टी के दस सेकेंड के इस वीडियो ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वीडियो में दिखा स्कूल का सिक्योरिटी गार्ड भी

स्कूल के प्रिंसिपल ने पुष्टि की कि वायरल वीडियो इसी स्कूल के क्लासरूम का है. प्रिंसिपल के अनुसार, वीडियो में शराब पीते दिख रहे लोगों में स्कूल का सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल था. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया है. इसके साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. 

प्रिंसिपल ने की स्कूल की पहचान

स्कूल के प्रिंसिपल ओम प्रकाश कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो को देखा है, वह इसी स्कूल का है और जो वॉचमैन है वह भी इस स्कूल का है, बाकी के तीन कौन हैं वह नहीं जानते. वह मानते हैं कि जो भी घटना घटी है वह बहुत गंभीर है, स्कूल में ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए. पुलिस ने चारों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है. 

पुलिस ने लिया आरोपियों को हिरासत में

सरकारी स्कूल के क्लास रूम में सिक्योरिटी गार्ड अभिषेक द्वारा अपने अन्य साथियों को बुलाकर शराब पार्टी करने को लेकर भेस्तान थाना पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड अभिषेक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. भेस्तान थाना पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि स्कूल परिसर के अंदर शराब की बोतलें कैसे पहुंचीं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement