15 अगस्त का दिन आते ही देशभर में आजादी के जश्न की तैयारियां तेज हो जाती हैं. घरों और स्कूलों में तिरंगा फहराने से लेकर देशभक्ति के कार्यक्रमों तक, हर तरफ अलग ही माहौल देखने को मिलता है. लेकिन अगर आप इस बार 2026 में आजादी का 80वां जश्न लाल किले से लाइव देखने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ वहां पहुंच जाना काफी नहीं होगा. समारोह में शामिल होने के लिए टिकट बुक करना भी जरूरी है. हर साल प्रधानमंत्री लाल किले से झंडा फहरा कर राष्ट्र को संबोधित करते हैं, जिसको देखने के लिए हजारों लोग इस खास मौके में शामिल होते हैं. राष्ट्र के इस फेस्टिवल में शामिल होने के लिए आप टिकट की ऑनलाइन बुकिंग रक्षा मंत्रालय के आमंत्रण पोर्टल से कुछ ही मिनटों में कर सकते हैं.
आमंत्रण पोर्टल से होगी टिकट बुकिंग
टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले रक्षा मंत्रालय के आमंत्रण पोर्टल पर जाना होगा. वेबसाइट पर पहुंचने के बाद 'Book Your Tickets Here' विकल्प दिखाई देगा. इसी पर क्लिक करके आगे की बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. इसके बाद आपको स्वतंत्रता दिवस समारोह का विकल्प चुनना होगा और मांगी गई जानकारी भरनी होगी. बुकिंग के दौरान अपना मोबाइल नंबर देना होगा, जिस पर OTP के जरिए वेरिफिकेशन किया जाएगा. पेमेंट के लिए आप ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं. पेमेंट हो जाने के बाद आपको एक sms आएगा या नोटिफिकेशन स्क्रिन पर दिखाई देगा. जिसके बाद आप ई- टिकट को डाउनलोड कर लें.
परिवार के साथ ऐसे कर सकते हैं बुकिंग
एक साथ 10 टिकट तक बुक किए जा सकते हैं. यानी अगर आप परिवार के साथ जा रहे हैं तो एक ही बुकिंग में परिवार के सदस्यों के साथ दो दोस्तों को भी शामिल कर सकते हैं. जिस व्यक्ति को टिकट में शामिल किया जाएगा, उसकी जानकारी भी देनी होगी. बुकिंग प्रक्रिया में दिए गए मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसको डालने के बाद सब की बुकिंग कंफर्म हो जाएगी.
कौन-से डॉक्युमेंट चाहिए?
ऑनलाइन टिकट बुक करते समय पहचान से जुड़ी जानकारी और वैध फोटो आईडी की जरूरत पड़ सकती है. प्रवेश के समय बुकिंग में इस्तेमाल किया गया पहचान पत्र और ई-टिकट साथ रखना जरूरी है. आधिकारिक टिकटिंग व्यवस्था में फोटो पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और केंद्र या राज्य सरकार की ओर से जारी आईडी जैसे दस्तावेज स्वीकार किए जाते रहे हैं.
टिकट के लिए कितना पैसा देना होगा?
स्वतंत्रता दिवस समारोह के टिकट की कीमत सीट या कैटेगरी के हिसाब से अलग हो सकती है. पिछले स्वतंत्रता दिवस के लिए सामान्य टिकट 20 रुपए, स्टैंडर्ड 100 रुपए और प्रीमियम 500 रुपए में उपलब्ध थे. 2026 के लिए बुकिंग करते समय आमंत्रण पोर्टल पर दिखाई जाने वाली मौजूदा कीमत और उपलब्ध कैटेगरी को ही अंतिम मानें.
समय से पहले पहुंचना जरूरी
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है. इसलिए टिकट बुक करने के बाद आखिरी समय में पहुंचने की गलती न करें.
लाल किले तक जाने के लिए मेट्रो को दें प्राथमिकता
15 अगस्त को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक सामान्य दिनों से अलग रहता है. ऐसे में निजी वाहन लेकर लाल किले के आसपास जाने के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना ज्यादा सुविधाजनक रहेगा. पिछले स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिल्ली मेट्रो ने भीड़ को देखते हुए सुबह से सेवाएं शुरू की थीं.
इन सामानों को लेकर न जाएं
सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए समारोह स्थल पर कई चीजों को ले जाने की अनुमति नहीं होती. पिछले समारोहों में कैमरा, दूरबीन, रिमोट कंट्रोल वाली कार की चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल और लंच बॉक्स जैसी चीजों पर रोक रही है. इसलिए निकलने से पहले जरूरी सामान ही साथ रखें.
ये भी पढ़ें