Declared Terrorist: केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन! UAPA के तहत पाकिस्तान में छिपे 23 दुश्मन आतंकी घोषित, यहां जानें कौन-कौन शामिल

केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक साथ 23 आतंकियों को UAPA कानून के तहत आतंकवादी घोषित किया है. ज्यादातर आतंकी जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं और पाकिस्तान में रह रहे हैं. भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति जारी है.

23 Terrorists have been Included in the UAPA List.
जितेंद्र बहादुर सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:30 PM IST

केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है. गृह मंत्रालय ने एक गजट नोटिफिकेशन जारी करके 23 आतंकियों को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया है. इन सभी 23 नामों को UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है. इनमें से ज्यादातर आतंकी जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं और पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रह रहे हैं.

मसूद इलियास कश्मीरी से लेकर मोहम्मद मुसादिक तक शामिल
इस लिस्ट में मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान और हाफिज अब्दुल शकूर जैसे नाम शामिल हैं, जो 2016 में नगरोटा स्थित भारतीय सेना शिविर पर हुए हमले और 2022 में जम्मू के सुंजवां में सुरक्षा बलों पर हुए हमले से जुड़े बताए गए हैं. लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अब्दुल रऊफ और हाफिज खालिद वलीद को हाफिज मोहम्मद सईद के करीबी सहयोगी के रूप में बताया गया है. सबसे चौंकाने वाला नाम मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ जाकिर का है. सरकार का कहना है कि वह लश्कर-ए-तैयबा, अल-कायदा और ISIS से जुड़े मॉड्यूल से संबंध रखता है. उस पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती करने, हथियारों की ट्रेनिंग दिलवाने और आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा जुटाने का आरोप है.

कानूनी कार्रवाई का रास्ता होगा और आसान 
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार का मानना है कि संबंधित व्यक्ति आतंकवाद में शामिल है. इसी आधार पर UAPA की धारा 35 के तहत उसका नाम कानून की चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है. इस सूची में शामिल होने के बाद इन आतंकियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता आसान हो जाता है. यह अधिसूचना गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश राठी ने जारी की है.

सभी 23 आतंकियों की सूची 
1. मसूद इलियास कश्मीरी (JeM)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: जैश-ए-मोहम्मद का वरिष्ठ ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की भर्ती, घुसपैठ और भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों का संचालन

2. मोहम्मद मुसद्दिक (JeM)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा आतंकी
आरोप: आतंकी नेटवर्क को लॉजिस्टिक सपोर्ट, भर्ती और साजिश में शामिल

3. मुफ्ती मोहम्मद असगर खान उर्फ अबू साद (JeM)
वर्तमान ठिकाना: अब्बासपुर, पीओके
भूमिका: जैश का लॉन्चिंग कमांडर
आरोप: आतंकियों की घुसपैठ, ट्रेनिंग, फंडिंग और 2016 नागरोटा आतंकी हमले की साजिश

4. हाफिज अब्दुल शकूर उर्फ कारी जर्रार (JeM)
वर्तमान ठिकाना: कोटली, पीओके
भूमिका: जैश का वरिष्ठ कमांडर
आरोप: आतंकी भर्ती, हथियार सप्लाई, ट्रेनिंग और नागरोटा हमले से जुड़ाव

5. अब्दुल्ला जेहादी (JeM)
वर्तमान ठिकाना: नीलम वैली, पीओके
भूमिका: जैश का कैंप संचालक
आरोप: आतंकी ट्रेनिंग, घुसपैठ और भारत में हमलों की साजिश 

6. फिरदौस अहमद भट (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का लॉन्चिंग कमांडर
आरोप: विदेशी आतंकियों की घुसपैठ, हथियार सप्लाई और आतंकी हमलों की योजना

7. गुलाम फरीद (JeM)
वर्तमान ठिकाना: भिम्बर, पीओके
भूमिका: जैश का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों को हथियार, गोला-बारूद और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराना

8. हारून राशिद गनई (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: भर्ती, घुसपैठ और आतंकियों को सहायता उपलब्ध कराना

9. बिलाल अहमद मीर (LeT/TRF)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़ा ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की भर्ती, ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) का नेटवर्क चलाना, हथियार और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना

10. आबिद कय्यूम लोन (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK)
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की घुसपैठ, फंडिंग, लॉजिस्टिक सपोर्ट और भारत में आतंकी गतिविधियों का संचालन

11. नजीर अहमद गुज्जर उर्फ मुनाज़िल (LeT)
वर्तमान ठिकाना: इस्लामाबाद, पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर का वरिष्ठ संचालक
आरोप: ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजना, युवाओं की भर्ती और आतंकियों की घुसपैठ कराना

12. अब्दुल रऊफ उर्फ हाफिज अब्दुल रऊफ (LeT/JuD)
वर्तमान ठिकाना: लाहौर, पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा/जमात-उद-दावा का वरिष्ठ नेता
आरोप: आतंकी फंडिंग, प्रशिक्षण, कट्टरपंथी प्रचार और भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों का संचालन

13. ओवैस फारूक (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की भर्ती, प्रशिक्षण और भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए लॉजिस्टिक सहायता

14. हाफिज खालिद वलीद उर्फ हाफिज खालिद नाइक (LeT/JuD)
वर्तमान ठिकाना: लाहौर, पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर
आरोप: आतंकी मॉड्यूल का संचालन, फंडिंग, भर्ती और भारत में आतंकी हमलों की साजिश

15. मौलाना इमदाद उल्लाह मक्की उर्फ मौलाना इमदाद (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का प्रचारक और संचालक
आरोप: कट्टरपंथी प्रचार, आतंकी भर्ती, फंडिंग और संगठन को वैचारिक समर्थन

16. मौलाना सैफुल्लाह खालिद (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ सदस्य
आरोप: आतंकी प्रशिक्षण, भर्ती, फंडिंग और भारत विरोधी आतंकी साजिशों में सक्रिय भूमिका

17. मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की भर्ती, हथियारों की आपूर्ति, घुसपैठ और भारत में आतंकी गतिविधियों का संचालन

18. मोहम्मद आसिफ (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों की भर्ती, लॉजिस्टिक सपोर्ट, हथियार उपलब्ध कराना और घुसपैठ में मदद करना

19. मुहम्मद सईद (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकी प्रशिक्षण, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों का संचालन

20. कारी याकूब शेख (LeT)
वर्तमान ठिकाना: लाहौर, पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर
आरोप: भारत में आतंकी हमलों की साजिश, भर्ती, प्रशिक्षण और आतंकी नेटवर्क का संचालन

21. राणा इफ्तिखार (LeT)
वर्तमान ठिकाना: पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेटिव
आरोप: आतंकियों को प्रशिक्षण देना, हथियार उपलब्ध कराना, घुसपैठ और भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में शामिल होना

22. मोहम्मद यूसुफ अजहर (JeM)
वर्तमान ठिकाना: बहावलपुर, पाकिस्तान
भूमिका: जैश-ए-मोहम्मद का वरिष्ठ कमांडर और मौलाना मसूद अजहर का करीबी सहयोगी
आरोप: आतंकियों की भर्ती, प्रशिक्षण, भारत में बड़े आतंकी हमलों की साजिश, घुसपैठ और जैश के आतंकी ढांचे का संचालन

23. मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ मुहंदिस उर्फ ज़ाकिर (LeT/JeM)
वर्तमान ठिकाना: रावलपिंडी, पाकिस्तान
भूमिका: लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा वरिष्ठ प्रशिक्षक
आरोप: आतंकियों की भर्ती, हथियारों का प्रशिक्षण, फंडिंग, एन्क्रिप्टेड संचार, फर्जी पहचान तैयार करना, हथियारों की सप्लाई और भारत में आतंकी साजिशों का संचालन


 

Read more!

RECOMMENDED