Advertisement

भीषण गर्मी में रेलवे का राहत भरा प्लान! प्लेटफॉर्म पर मिल रहीं मुफ्त पानी की बोतलें, 900+ समर स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं

गर्मी की छुट्टियों के चलते दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे शहरों से यूपी-बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है. इसे देखते हुए रेलवे ने देशभर में 900 से ज्यादा समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जो 18 हजार से अधिक फेरे लगाएंगी.

Summer Special Trains
उदय गुप्ता
  • चंदौली,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:46 PM IST

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. बढ़ती भीड़ और 44 डिग्री के पार पहुंचे तापमान को देखते हुए भारतीय रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. खासतौर पर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं.

स्टेशन पर लगाए गए प्याऊ
दिल्ली-हावड़ा रूट के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल डीडीयू जंक्शन पर प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह प्याऊ लगाए गए हैं. यहां स्काउट गाइड के छात्र यात्रियों को लगातार पानी पिला रहे हैं. वहीं जिन ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि यात्री नीचे उतरकर पानी नहीं ले पा रहे, वहां रेलवे की तरफ से बोगियों में ही मुफ्त पानी की बोतलें बांटी जा रही हैं.

भीड़ बढ़ी तो इंतजाम भी बढ़े
गर्मी की छुट्टियों के चलते दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे शहरों से यूपी-बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है. इसे देखते हुए रेलवे ने देशभर में 900 से ज्यादा समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जो 18 हजार से अधिक फेरे लगाएंगी. इनमें से 70 से ज्यादा ट्रेनें डीडीयू जंक्शन से होकर गुजर रही हैं.

हर स्टेशन पर नजर, बना 24x7 वॉर रूम
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर नजर रखने के लिए रेल मंडल मुख्यालय में 24 घंटे सक्रिय वार रूम बनाया गया है. यहां से डीडीयू जंक्शन समेत गया, डेहरी-ऑन-सोन और सासाराम जैसे स्टेशनों के CCTV फुटेज की लगातार मॉनिटरिंग हो रही है. जहां भी भीड़ ज्यादा दिखती है या जरूरत महसूस होती है, वहां तुरंत अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं.

पानी, ORS और दवाइयों की भी व्यवस्था
गर्मी को देखते हुए रेलवे ने सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि ORS, नींबू पानी और जरूरी दवाइयों की भी व्यवस्था की है. अतिरिक्त वाटर बूथ लगाए गए हैं ताकि यात्रियों को कहीं परेशानी न हो. स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अलर्ट मोड में है.

यात्रियों को मिल रही राहत
यात्रियों का कहना है कि इस बार व्यवस्था पहले से बेहतर है. कई यात्रियों को ट्रेन के अंदर ही मुफ्त पानी मिल रहा है, जिससे भीड़ के बीच उतरने की जरूरत नहीं पड़ रही.

अगर आप भी गर्मी में ट्रेन से सफर कर रहे हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें-

  • स्टेशन पर उपलब्ध मुफ्त पानी और ORS का लाभ लें.

  • ज्यादा भीड़ होने पर ट्रेन से उतरने की जल्दबाजी न करें.

  • पानी की बोतल साथ रखें, जरूरत पड़ने पर रेलवे की सुविधा भी लें.

ये भी पढ़ें 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement