Advertisement

जमुई के विकास बने ‘हम दिल दे चुके सनम’ के अजय देवगन..... प्रेम कहानी को पूरा करने के लिए दी अपनी शादी की कुर्बानी..... पत्नी की करवाई प्रेमी से शादी

इस रील लाइफ की फिल्म में ट्विस्ट तब आया जब प्रेमी सचिन, जो जिले के झाझा थाना क्षेत्र के काबर गांव का रहने वाला है, अचानक बेंगलुरु पहुंच गया. सचिन को पता चला कि विकास उसकी प्रेमिका को लेकर बेंगलुरू गया है. उसके बाद सचिन ने अपने चाचा के यहां नौकरी करने के नाम पर बेंगलुरू पहुंचा और अपनी प्रेमिका शिवानी से मिलने लगा.

विकास, सचिन और शिवानी
सुजीत झा
  • पटना,
  • 28 दिसंबर 2021,
  • अपडेटेड 10:17 AM IST
  • बेंगलुरु में हुई शादी
  • जब प्रेमी पहुंचा बेंगलुरु
  • अंत में विकास ने लिया गंभीर फैसला
  • जमुई में सबके मोबाइल में पहुंची वीडियो

बिहार के जमुई से संबंधों की तासीर में लिपटी प्रेम, समर्पण और त्याग की अनोखी कहानी सामने आई है. कहानी बिल्कुल संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम से मिलती-जुलती है. लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये हैं कि इसकी शूटिंग राजस्थान के बजाय बेंगलुरू में हुई है और रील लाइफ की इस फिल्म के पात्र जमुई जिले से जुड़े हुए हैं. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो गया है,  जिसमें पति सबके सामने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवाता हुआ दिखाई दे रहा है. पत्नी की प्रेमी से शादी करवाने की ये घटना एक सप्ताह पहले हुई है. लेकिन शादी का वीडियो सोमवार को पूरे जमुई में वायरल हुआ है. वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.

बेंगलुरु में हुई शादी

इस कहानी में पति का नाम विकास कुमार है जो जमुई के सोनो थाना इलाके के बलथर गांव का निवासी है. विकास कुमार बेंगलुरु में जॉब करता था और शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ बेंगलुरु में ही रहता था. विकास कुमार की ये दूसरी शादी है. पहली पत्नी की आकस्मिक मौत के बाद विकास ने शिवानी नाम की लड़की से दो साल पहले शादी की थी और उसे अपने साथ बेंगलुरु ले गया था. अचानक विकास को अपनी पत्नी के सामान में एक लड़के की तस्वीर दिखी. जिसके बारे में विकास ने पूछताछ नहीं की. वो तस्वीर शिवानी के प्रेमी सचिन की थी.

जब प्रेमी पहुंचा बेंगलुरु

इस रील लाइफ की फिल्म में ट्विस्ट तब आया जब प्रेमी सचिन, जो जिले के झाझा थाना क्षेत्र के काबर गांव का रहने वाला है, अचानक बेंगलुरु पहुंच गया. सचिन को पता चला कि विकास उसकी प्रेमिका को लेकर बेंगलुरू गया है. उसके बाद सचिन ने अपने चाचा के यहां नौकरी करने के नाम पर बेंगलुरू पहुंचा और अपनी प्रेमिका शिवानी से मिलने लगा. ये बात पता चलने के बाद पति विकास ने अपनी पत्नी शिवानी को खूब समझाया और मिलने-जुलने पर आपत्ति जताई. लेकिन पत्नी ने विकास की बातों को अनसुना कर सचिन से मिलना जारी रखा.

अंत में विकास ने लिया गंभीर फैसला

पत्नी की बढ़ती मनमानी से परेशान विकास ने उससे बातचीत की और सचिन के साथ शादी के बारे में बताया. पत्नी ये जानकर खुश हो गई और उसने हामी भर दी. उसके बाद बेंगलुरू में विकास ने सचिन को बुलाकर दोनों की शादी करवा दी. इसके बाद उसने खुद ही शादी का वीडियो भी बनाया. विकास ने बड़ा दिल दिखाते हुए स्थानीय लोगों के सामने दोनों को एक दूसरे के साथ जिंदगी गुजारने की इजाजत दे दी.

जमुई में सबके मोबाइल में पहुंची वीडियो

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है. वीडियो में प्रेमी सचिन सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर डाल रहा है. सचिन अभी उम्र में छोटा दिख रहा है. वहीं विकास की उम्र ज्यादा दिख रही है.  वहीं प्रेमिका अपनी मर्जी से शादी करने का बयान दे रही है. कुल मिलाकर जमुई के रहने वाले इन रियल लाइफ कलाकारों ने रील लाइफ को पीछे छोड़ते हुए अपनी जोड़ी बना ली है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement