Advertisement

पप्पू यादव का ऐलान: पटना के गर्ल्स हॉस्टल की बच्चियों को मुफ्त मिलेगा गैस सिलेंडर, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

पप्पू यादव ने एक बड़ा एलान किया. उन्होंने कहा कि पटना के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए.

पप्पू यादव
gnttv.com
  • हाजीपुर,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:23 AM IST

बिहार की सियासत और बढ़ते अपराध के बीच पप्पू यादव सोमवार को सोनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दानापुर में मारे गए बिट्टू सिंह के परिवार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. पप्पू यादव ने कहा कि आज बिहार में स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को यह तक नहीं पता कि सरकार चला कौन रहा है.

उन्होंने सीधे तौर पर नीतीश कुमार की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि बिहार का कोई माँ-बाप नहीं है. उनका कहना था कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है और आम लोगों में डर का माहौल है.

अपराध और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
सांसद ने कहा कि बिहार में किसी की भी सुरक्षा की गारंटी नहीं है. उन्होंने खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और कहा कि किसकी बेटी कब शिकार हो जाएगी, यह कोई नहीं जानता. उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है और प्रशासनिक व्यवस्था जवाब देने में विफल है.

छात्राओं के लिए मुफ्त गैस सिलेंडर का ऐलान
इस दौरान पप्पू यादव ने एक बड़ा एलान भी किया. उन्होंने कहा कि पटना के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए. उनका यह वादा अब राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है.

केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना
पप्पू यादव ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता को हर मुद्दे पर सिर्फ लाइन में खड़ा किया जा रहा है, चाहे वह नोटबंदी हो, कोरोना काल हो या अब गैस और किचन की जरूरतें. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. पप्पू यादव के इस दौरे और उनके बयानों ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है. अब देखना होगा कि सरकार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.

रिपोर्टर: विकास कुमार

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement