झांसी के गरौठा थाने में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष और मिशन जागृति से जुड़े किसान नेता अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ बाबू महाराज की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह मऊरानीपुर में होने वाली किसान रैली और क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान के मुद्दे को लेकर गरौठा थाना प्रभारी से बातचीत करने पहुंचे थे. बातचीत के दौरान उन्हें अचानक घबराहट होने लगी और देखते ही देखते वह बेहोश होकर गिर पड़े.
स्थिति गंभीर देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल उनकी मदद शुरू की. बताया गया कि इंस्पेक्टर ने मौके पर ही CPR देकर सीने पर दबाव बनाया, जबकि थाने के दीवान ने भी सांस देने में मदद की. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें झांसी रेफर किया गया. सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए.
रैली के सिलसिले में पहुंचे थे थाने
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामपुरा ने बताया कि बाबू महाराज उनके चाचा हैं और किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष होने के साथ मिशन जागृति के सदस्य भी हैं. गांव में हुई अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान और मऊरानीपुर में प्रस्तावित किसान रैली को लेकर वह गरौठा थाने में प्रभारी निरीक्षक से बातचीत करने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अटैक जैसा पड़ा. उन्होंने बताया कि हालत गंभीर देखकर थाना प्रभारी ने बिना देर किए CPR शुरू किया. थाने के दीवान ने भी उन्हें सांस देने में मदद की. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका.
किसान नेता ने भी पुलिस का जताया आभार
अस्पताल में उपचार के बाद किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ बाबू महाराज ने बताया कि वह मऊरानीपुर में होने वाली किसान रैली के सिलसिले में गरौठा थाने पहुंचे थे. इंस्पेक्टर से किसान से जुड़े मुद्दों पर बातचीत चल रही थी, तभी अचानक उन्हें घबराहट होने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़े.
ये भी पढ़ें: