झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू के रहने वाले प्रिंसु पंजर ने एक कमाल की चीज तैयार की है. प्रिंसु ने एक साधारण सी साइकिल को हाईटेक साइकिल में तब्दील कर दिया है. साइकिल की खासियत यह है कि इस साइकिल में बैटरी लगी है, जो एक बार चार्ज होने पर 30 किलोमीटर का सफर आसानी से तय कर सकती है.
साइकिल में सबसे खास बात यह है कि अगर साइकिल की बैटरी डिस्चार्ज हो जाती है, तो आप साइकिल को पैडल से भी चला सकते हैं. इसके पैडल भी बहुत ही आसान हैं, जिसे चलाने में आपको मात्र 50% की ताकत लगानी होगी. दरअसल साइकिल के पैडल को मैग्नेटिक सिस्टम्स में किया हुआ है, यानी 50% की ताकत लगाने पर ही ये स्पीड से चलेगी.
अपनी इच्छा अनुसार बढ़ा सकते हैं स्पीड
इस हाईटेक साईकिल में इंडिकेटर लगा हुआ है ताकि यह पता चल सके कि बैटरी कितना चार्ज है. इसके साथ-साथ साइकिल में एक्सीलेटर भी लगा हुआ है ताकि आप अपनी इच्छा अनुसार साइकिल की स्पीड को कम ज्यादा कर सकें. साइकिल की खासियत देखकर ये लोगों की पसंद बनती जा रही है. लोग इसे खरीदने में विशेष रुचि दिखा रहे हैं.
20 हजार है साइकिल की कीमत
हाईटेक साइकिल बनाने वाले प्रिंसु के अनुसार साइकिल की क्षमता 130 किलो वजन ढोने की है. साइकिल की कीमत 20 हजार रुपये है. जनवरी के महीने में ऐसी 10 साइकिल बनाई जाएंगी, जिसकी बुकिंग पहले ही हो चुकी है. अगर लोग 25 हजार रुपये से 30 हजार रुपये तक लगाने को तैयार होंगे, तो उसी अनुसार उनकी साइकिल में बैटरी लगाई जाएगी, ताकि उस साइकिल की अधिक माइलेज बढ़ाने के साथ-साथ वजन ढ़ोने की पावर भी बढ़ सके.
इलेक्ट्रिक बाइक भी बनाना चाहते हैं प्रिंसु
प्रिंसु के अनुसार पेट्रोल की मंहगाई को देखते हुए उन्होंने यह इलेक्ट्रिक साइकिल का स्टार्टअप शुरू किया है. उनके अनुसार इस साइकिल को चलाने से अगर हर दिन मात्र 50 रुपये के पेट्रोल की भी अगर बचत होगी, तो साइकिल की कीमत 10 माह में वसूल हो जाएगी. प्रिंसु हाईटेक साइकिल बनाने के साथ-साथ कई अन्य कामों में लगे हुए हैं. वो इलेक्ट्रिक बाइक भी बनाना चाहते हैं. पतरातू के रहने वाले प्रिंसु बच्चों को इलेक्ट्रिशन की पढ़ाई पढ़ाते हैं और सोलर स्टॉलेशन का काम करते है.
(झारखंड से राजेश वर्मा की रिपोर्ट)