उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कांवड़ियों की महिला सिपाही से विवाद होता है. इसके बाद महिला सिपाही की इंस्पेक्टर से फोन पर तीखी बहस हुई. इसके बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
वायरल हो रहा विवाद का वीडियो-
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में महिला सिपाही और कावड़ियों के बीच बहस का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला सिपाही और अकबरपुर कोतवाली में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर तैनात जितेंद्र कुमार के बीच तीखी नोकझोंक होती भी नजर आ रही है.
कानपुर कमिश्नरेट में तैनात है महिला-
जानकारी के मुताबिक महिला सिपाही कानपुर कमिश्नरेट में तैनात हैं और इटावा में अपने घर पर रहती हैं. वह इटावा से कानपुर ड्यूटी के लिए जा रही थीं. इसी दौरान हाईवे पर कुछ कांवड़ियों से उनका हेलमेट पहनने को लेकर विवाद हो गया. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया.
स्थानीय पुलिस ने सुलझाया विवाद-
बताया जा रहा है कि विवाद के कुछ देर बाद महिला सिपाही रास्ते में रुककर पानी पीती नजर आईं. इसी दौरान कांवड़ियों से दोबारा उनकी बहस हो गई. मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया.
महिला सिपाही की इंस्पेक्टर से बहस-
इसी बीच महिला सिपाही और इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र कुमार के बीच फोन पर भी तीखी बहस हुई. इसके बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
हेलमेट को लेकर हुआ था विवाद-
कानपुर देहात पुलिस का कहना है कि ओवरब्रिज के नीचे महिला सिपाही और कुछ वाहन सवार लोगों के बीच हेलमेट को लेकर विवाद की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया.
एसपी ने तलब की रिपोर्ट-
कानपुर देहात की एसपी श्रद्धा पांडे ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. अगर जांच में महिला सिपाही की भूमिका को लेकर कोई तथ्य सामने आता है तो कानपुर पुलिस कमिश्नर को भी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: