Advertisement

Kota CA Friends Success Story: मुबई की कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ कोटा के दो सीए दोस्तों ने खड़ा किया ब्रांड, 50 लाख से शुरू हुआ ये सफर लंदन तक पहुंच चुका है

कोटा के दो सीए दोस्तों अगम अग्रवाल और शुभम मित्तल ने मुंबई की नौकरी छोड़कर AnyWay नाम से हेल्दी स्नैक स्टार्टअप शुरू किया. 50 लाख रुपये से शुरू हुआ यह कारोबार अब 800 से ज्यादा दुकानों तक पहुंच चुका है. कोटा की कचौड़ी से प्रेरित Kachori Bites समेत इसके प्रोडक्ट लंदन और दुबई तक पहुंच रहे हैं.

Kota CA Friends Success Story
चेतन गुर्जर
  • कोटा,
  • 18 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:49 PM IST

कोटा की पहचान अब सिर्फ कोचिंग और शिक्षा के शहर के तौर पर नहीं, बल्कि नए आइडिया और स्टार्टअप की जमीन के रूप में भी बन रही है. इसी कड़ी में शहर के दो चार्टर्ड अकाउंटेंट दोस्तों अगम अग्रवाल और शुभम मित्तल ने ऐसा हेल्दी स्नैक ब्रांड खड़ा किया है, जिसकी शुरुआत कोटा से हुई और अब उसके प्रोडक्ट देश के कई शहरों के साथ लंदन और दुबई तक पहुंच चुके हैं. दोनों दोस्तों ने मुंबई की नौकरी छोड़कर अपने अनुभव और एक नए आइडिया को बिजनेस में बदला और AnyWay नाम से हेल्दी स्नैक्स का स्टार्टअप शुरू किया.

नौकरी के दौरान आया आइडिया, 50 लाख से शुरू हुआ सफर
अगम अग्रवाल और शुभम मित्तल दोनों पेशे से CA हैं. मुंबई में नौकरी के दौरान शाम के समय अक्सर उन्हें ऐसे स्नैक्स की तलाश रहती थी, जो स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी हों. बाजार में मौजूद विकल्पों को देखकर दोनों के मन में सवाल आया कि क्यों न ऐसा स्नैक तैयार किया जाए, जिसमें स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन हो. यही सोच आगे चलकर AnyWay स्टार्टअप के आइडिया में बदल गई.

अप्रैल 2024 में दोनों ने अपनी फैक्ट्री शुरू की और अलग-अलग प्रोडक्ट्स की टेस्टिंग और ट्रायल किए. इसके बाद अक्टूबर 2024 में कोटा से AnyWay की कमर्शियल लॉन्चिंग हुई. शुरुआत में करीब 50 लाख रुपये का निवेश किया गया. पहले साल कंपनी का टर्नओवर करीब 12 लाख रुपये रहा, जबकि अगले साल यह बढ़कर करीब 40 लाख रुपये तक पहुंच गया. अब कंपनी ने 7.5 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य रखा है. स्टार्टअप के जरिए देशभर में करीब 25 से 30 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.

कोटा की कचौड़ी से तैयार किया अनोखा हेल्दी स्नैक
AnyWay की सबसे खास बात इसका कॉन्सेप्ट है. कंपनी का फोकस ऐसे जंक फूड को हेल्दी अंदाज में पेश करने पर है, जिसे लोग पहले से पसंद करते हैं. इसी सोच के साथ कोटा की मशहूर कचौड़ी से प्रेरणा लेकर Kachori Bites तैयार किए गए. मल्टीग्रेन बेस से बने इन बाइट्स में हरी और लाल चटनी की सीजनिंग दी गई है. छोटे आकार और अलग स्वाद के कारण यह प्रोडक्ट लोगों को पसंद आ रहा है और इसकी मांग विदेश तक पहुंच गई है.

कंपनी का एक अन्य प्रोडक्ट Miracle Pops है. डिफैटेड सोया फ्लोर से तैयार किए गए इन रोस्टेड पॉप्स में कंपनी के मुताबिक 100 ग्राम में करीब 42 ग्राम प्रोटीन है. इसके अलावा मैदा और पाम ऑयल के बिना तैयार किए गए मल्टीग्रेन चिप्स भी बाजार में हैं. इनमें जैलेपीनो, अचारी और पेरी-पेरी जैसे फ्लेवर शामिल हैं. अलग-अलग फ्लेवर में मखाने भी कंपनी की प्रोडक्ट रेंज का हिस्सा हैं.

कोटा के छात्रों को बनाया पहला टेस्ट मार्केट
दोनों दोस्तों ने अपने ब्रांड की शुरुआत कोटा से ही करने का फैसला किया. इसके पीछे भी एक खास रणनीति थी. कोटा में देश के लगभग हर राज्य और शहर से छात्र पढ़ाई करने आते हैं. ऐसे में यदि कोई नया प्रोडक्ट यहां के युवाओं और छात्रों को पसंद आता है तो उसके देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है.

अगम के मुताबिक, कोटा में पढ़ने वाले छात्र जब अपनी पढ़ाई पूरी करके अपने शहर या गांव लौटते हैं तो वे अपने साथ यहां पसंद किए गए प्रोडक्ट का अनुभव भी लेकर जाते हैं. यही AnyWay के लिए शुरुआती स्तर पर सबसे बड़ा टेस्ट मार्केट साबित हुआ.

iStart से मिली शुरुआती मदद
स्टार्टअप के शुरुआती दौर में राजस्थान सरकार के iStart प्लेटफॉर्म से भी दोनों को मदद मिली. मेंटॉरशिप, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के सेशन, बिजनेस गाइडेंस और प्री-सीड ग्रांट ने कंपनी को शुरुआती दौर में मार्केटिंग और बिजनेस विस्तार की दिशा तय करने में मदद की.

तीन महीने में 800 से ज्यादा दुकानों तक पहुंच
स्टार्टअप के सामने शुरुआत में डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करना और सही टैलेंट जुटाना बड़ी चुनौती थी. इसके बावजूद करीब तीन महीने में कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को 800 से ज्यादा दुकानों तक पहुंचाने में सफल रही. आज AnyWay के स्नैक्स कोटा के अलावा पुणे, अहमदाबाद, सिलचर, गुवाहाटी, जयपुर, उदयपुर, पंजाब और दिल्ली सहित कई शहरों में उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि कोटा से शुरू हुआ यह ब्रांड अब देश की सीमाओं को पार कर लंदन और दुबई तक पहुंच चुका है.

नौकरी से उद्यमिता तक का सफर
मुंबई की कॉरपोरेट नौकरी से निकलकर कोटा में अपना कारोबार शुरू करने वाले अगम और शुभम की कहानी सिर्फ एक स्टार्टअप की सफलता नहीं, बल्कि यह भी दिखाती है कि सही समस्या की पहचान और उस पर काम करने का जुनून एक साधारण आइडिया को ब्रांड में बदल सकता है. अब दोनों का लक्ष्य AnyWay को देशभर में हेल्दी स्नैकिंग के बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित करना है, ताकि लोगों को स्वाद के साथ बेहतर और हेल्दी विकल्प भी मिल सकें.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement