उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें शहर के सलेमपुर कोन की रहने वाली क्लास-1 में पढ़ने वाली मानवी सिंह यह कहती हुई सुनाई दे रही है कि डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, हमारी सड़क बनवा दीजिए. जब ये वीडियो डीएम अंजनी कुमार सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने फौरन एक्शन लिया और बच्ची से मिलने पहुंच गए.
बच्ची के घर पहुंचे डीएम-
डीएम अंजनी कुमार सिंह विकास विभाग के कई अधिकारियों को लेकर पहले क्लास-1 में पढ़ने वाली मानवी के घर गए. उसके बाद बच्ची को लेकर उस जगह पर भी गए, जहां पर पानी भरा था. उन्होंने बच्ची को आश्वासन दिया कि वह इस सड़क को जल्द सही करा देंगे.
सोशल मीडिया से मिला वीडियो- डीएम
सोशल मीडिया पर क्लास-1 में पढ़ने वाली नन्ही बच्ची मानवी सिंह के वायरल हुए वीडियो पर लखीमपुर खीरी जिले के डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि ये आउटस्कर्ट का मामला है और मुझे अभी सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो प्राप्त हुआ. वीडियो प्राप्त होने के बाद मैं स्वयं मौके पर गया. उस बच्ची से मुलाकात हुई. उस बच्ची के घर भी मैं गया और मैंने उस सड़क को भी देखा, जहां पर उसने असुविधा होने की बात कही थी.
उन्होंने कहा कि अभी आधारभूत संरचनाओं की कुछ कमी है. जिस सड़क की बात हो रही थी. जहां पर थोड़ा पानी एकत्रित दिख रहा है. वीडियो में उसमें खड़ंजा लगा हुआ है. बस समय के साथ खड़ंजा थोड़ा सा कंप्रेस होकर दब गया है. उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है.
डीएम की लोगों से अपील-
उन्होंने बताया कि वहां के लोगों से मुलाकात हुई. लोगों से मेरा यह विनम्र अनुरोध है कि जब कभी भी अपने सपनों का घर बनाने का बात सोचें या प्लॉट खरीदने की बात सोचें तो नियमानुसार जो प्लाटिंग कर रहे हैं, जो आधारभूत संरचना बनाकर दे रहे हो, जैसे सड़क हो नाली हो, पार्क हो, बिजली का कनेक्शन हो, इन सब चीजों को अवश्य देख लें. जहां पर वह घर बनाने जा रहे हैं. इनकी क्या व्यवस्था है?
(अभिषेक वर्मा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: