उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के एसपी ऑफिस में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा दो पत्नियों के चक्कर में नाप दिए गए और उन्हें एसपी ऑफिस से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया. सहारनपुर की एक महिला निदा मलिक की शिकायत पर कार्रवाई हुई. निदा का आरोप है कि गौरव ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उससे निकाह किया है.
गौरव से ट्रेन में मिली थी निदा मलिक-
सहारनपुर की रहने वाली एक महिला निदा मलिक के अनुसार पिछले करीब 12 साल पहले वो अपनी मां का इलाज कराने ट्रेन से सहारनपुर से दिल्ली जा रही थी. तभी ट्रेन में उसे एक शख्स मिला, जिसने उसे और उसकी बीमार मां को बैठने के लिए अपनी सीट दे दी और उसकी काफी मदद की और इसी दौरान उस शख्स ने अपना मोबाइल नम्बर देते हुए उसे अपना नाम गौरव शर्मा बताया और कहा कि वो यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है और अगर उसे कहीं कोई परेशानी आए, तो वह उसे फोन कर लें और यह कहकर उसने हमारा नंबर ले लिया था.
मां के इलाज के लिए निदा को बुलाया-
कुछ दिन बाद आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा ने महिला को फोन कर पहले मां का हालचाल लिया और फिर बोला कि अपनी मां के इलाज के कागज हमको उपलब्ध करा दो. जिससे वो उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करा देगा. जिसपर महिला ने उससे पूछा कि सिर्फ कागज लाने होंगे या मां को भी लेकर आना होगा तो उसने कहा कि मां को लाने की जरूरत नहीं है. तुम अकेली चली आओ.
गलत काम करने का वीडियो बनाया-
महिला ने बताया कि वो उस वक्त अपनी मां की बीमारी से काफी परेशान थी तो वो मां की बीमारी के कागज लेकर आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा के पास मिलने देवबंद पहुंच गई, जहां वह सफेद कार से उसे अपने एक दोस्त के घर ले गया, जहां उसके साथ उसने कोल्ड ड्रिंक पी और वो बेहोश हो गई. जब उसे होश आया तो उसने देखा कि उसके शरीर पर कोई भी कपड़ा नहीं था. कुछ देर बाद आरोपी गौरव शर्मा ने बताया कि उसने उसके साथ गलत काम करते हुए वीडियो बना लिया है और अब वह इसके बारे में किसी को बताएगी तो वो उसे जान से मरवा देगा. तुम्हारे परिवार को बर्बाद कर दूंगा और फर्जी मुकदमे में जेल भेज सकता हूं, क्योंकि मैं पुलिस इंस्पेक्टर हूं.
निदा मलिक गौरव को निकाह करने को कहा-
अपने साथ हुई इस घटना के बाद से महिला निदा मलिक आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा से कहती थी कि वह उससे निकाह कर ले तो वह यह बात किसी से नहीं बताएगी. फिर मामला बढ़ता देख आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा ने 27 दिसंबर 2017 को गवाहों की मौजूदगी में निकाह कर लिया था. इसके बाद वो निदा को लेकर शाहजहांपुर चला गया और एक किराए के कमरे में रहने लगा और इसी दौरान उसने एक बच्ची को जन्म दिया. उसके कुछ ही दिन बाद आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा का तबादला शाहजहांपुर से बदायूं हो गया और वह बदायूं चला गया.
गौरव की पहली पत्नी का खुला राज-
इसके बाद उसने निदा मालिक से बातचीत करना बंद कर दी तो निदा मलिक को शक हुआ तो एक दिन निदा बदायूं पहुंची तो पति गौरव शर्मा के मोबाइल फोन में एक महिला के साथ तस्वीर हाथ लग गई. इसके बाद उसने अपने पति की जासूसी शुरू कर दी. जासूसी के दौरान निदा मालिक को पता लगा कि उसका पति गौरव शर्मा पहले से शादीशुदा है और उसकी शादी एक खुशबू नाम की एक महिला से हो चुकी है और उसके बच्चे भी हैं.
जैसे ही निदा मलिक को यह पता लगा कि उसका पति शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं तो वह अपना हक पाने के लिए अपने पति गौरव शर्मा से इसकी मांग करने लगी. जिसपर गौरव शर्मा उसे जान से मारने की धमकी देने लगा और इसी बीच सब इंस्पेक्टर गौरव शर्मा ने अपना तबादला लखीमपुर खीरी करा लिया और इन्हीं सब चीजों से परेशान होकर पीड़ित महिला निदा मलिक ने इसकी शिकायत पहले बदायूं के एसपी को दी और उसके बाद लखीमपुर खीरी की एसपी ख्याति गर्ग को पत्र लिखा. जिसपर लखीमपुर खीरी जिले के एसपी ख्याति गर्ग ने अपने ही ऑफिस में स्टेनो के पद पर तैनात इंस्पेक्टर गौरव शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है.
गौरव शर्मा की सफाई-
गौरव शर्मा ने सफाई में कहा कि मेरी पहली पत्नी का नाम खुशबू शर्मा हैं उसके 2 बच्चे हैं. मेरे और उसके अलावा मेरी एक पत्नी और भी है. जिसका नाम निदा मालिक है. उसके साथ भी मेरी एक बेटी है. जिसका नाम आरना शर्मा है और अगर मुझे कुछ भी हो जाता है तो खुशबू शर्मा और निदा मलिक का अधिकार बराबर होगा और उनका दोनों को एक जैसा अधिकार दिया जाए.
(अभिषेक वर्मा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: