Advertisement

आशिकी करना पड़ा भारी, लोगों ने पहले पीटा फिर मुंडन कर मुंह किया काला और निकाला जुलूस, देखें वायरल वीडियो

मध्यप्रदेश के लटेरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक और नाबालिग युवती के प्रेम प्रसंग को लेकर गांव के लोगों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया. भीड़ ने न केवल युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसका मुंडन कर और मुंह काला करके उसका पूरे गांव में जुलूस निकाला.

मुंह काला करने और मुंडन का वीडियो
gnttv.com
  • विदिशा,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

लटेरी के ग्राम मोहनपुर खुर्द से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक और नाबालिग युवती के प्रेम प्रसंग को लेकर गांव में जमकर हंगामा हो गया. सोमवार दोपहर जब युवक कथित तौर पर युवती से मिल रहा था, तभी परिजनों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी.

युवक के साथ मारपीट, मुंडन और मुंह काला
जानकारी के अनुसार, परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को पकड़ने के बाद उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि युवक के हाथ-पैर बांध दिए गए, फिर उसका मुंडन कराया गया और मुंह काला कर दिया गया. इतना ही नहीं, इसके बाद युवक और युवती का पूरे गांव में जुलूस भी निकाला गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती की भी पिटाई की गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

गांव में जुटी भीड़, लोगों ने बनाए वीडियो
जब गांव में यह पूरा घटनाक्रम चल रहा था, तब बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. जैसे ही युवक-युवती का जुलूस गांव की गलियों से निकाला गया, हर तरफ लोगों की भीड़ लग गई और कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए. अब यह वीडियो लगातार अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे हैं और लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

पुलिस को मिली सूचना, दोनों पक्ष थाने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई. मौके पर तुरंत एफआरबी 112 की टीम भेजी गई और दोनों पक्षों को थाने लाया गया. पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.

दोनों पक्षों पर दर्ज हुई एफआईआर
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के मुताबिक, युवती नाबालिग है. उसकी शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं दूसरी ओर युवक की शिकायत पर युवती के परिजन और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में भी एफआईआर दर्ज की गई है.

मामले की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान किसने क्या भूमिका निभाई. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


(रिपोर्ट- विवेक सिंह ठाकुर)

 

ये भी पढ़ें 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement