झांसी के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव को लेकर हुए विवाद ने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हुई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
22 मई को घर में मिला था महिला का शव
घटना ग्राम बुढ़ाई की है, जहां 22 मई को 35 वर्षीय रजनी अहिरवार पत्नी भूपत अहिरवार का शव घर में खून से लथपथ हालत में मिला था. महिला के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी. सूचना पर टोड़ीफतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.
जांच में गांव के ही युवक पर शक
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर गांव के ही रक्षपाल बघेल पुत्र श्यामसिंह पर शक जताया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली.
आठ महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका रजनी के साथ करीब आठ महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकात होती थी. हालांकि पिछले कुछ समय से महिला उस पर शादी कर साथ रखने का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था.
विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला
आरोपी के अनुसार, घटना वाली रात भी रजनी ने उसे घर बुलाया था. वहां दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी से महिला पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से रजनी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. सीओ मऊरानीपुर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 21-22 मई की रात महिला की हत्या की सूचना मिली थी. शव का पोस्टमार्टम कराकर मुकदमा दर्ज किया गया था. जांच में सामने आया कि गांव के ही युवक से मृतका के प्रेम संबंध थे और शादी के दबाव को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.
-अजय झा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें