Advertisement

कभी खाई है इतनी महंगी गुझिया? कीमत सुनकर कहेंगे- इतने में तो आ जाएगा नया iPhone!

दुकान की ओर से पेश की गई ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘ब्लास्ट कलर्स ऑफ पीस’ थीम लोगों का खास ध्यान आकर्षित कर रही है. ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का अर्थ है पूरी दुनिया एक परिवार है. वहीं ‘ब्लास्ट कलर्स ऑफ पीस’ रंगों के इस त्योहार को शांति और भाईचारे के संदेश से जोड़ती है. बदलते सामाजिक माहौल में यह पहल लोगों को एकजुटता और सद्भाव का संदेश दे रही है.

60 हजार रुपये किलो की गोल्ड कोटेड गुझिया
gnttv.com
  • लखनऊ ,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:42 AM IST

नवाबों के शहर लखनऊ में इस बार होली का रंग सिर्फ गुलाल और मिठास तक सीमित नहीं है, बल्कि शांति और वैश्विक एकता का संदेश भी दे रहा है. शहर की प्रसिद्ध मिठाई दुकान छप्पन भोग ने होली-2026 के मौके पर खास थीम-बेस्ड गुझियों की पेशकश की है. इन गुझिया में पारंपरिक स्वाद के साथ सामाजिक सरोकारों की मिठास भी शामिल है.

दुकान की ओर से पेश की गई ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘ब्लास्ट कलर्स ऑफ पीस’ थीम लोगों का खास ध्यान आकर्षित कर रही है. ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का अर्थ है पूरी दुनिया एक परिवार है. वहीं ‘ब्लास्ट कलर्स ऑफ पीस’ रंगों के इस त्योहार को शांति और भाईचारे के संदेश से जोड़ती है. बदलते सामाजिक माहौल में यह पहल लोगों को एकजुटता और सद्भाव का संदेश दे रही है.

प्रबंधक बोले सिर्फ मिठाई नहीं, मूल्यों का प्रचार
छप्पन भोग के प्रबंधक क्षितिज गुप्ता का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल मिठाई बेचना नहीं, बल्कि त्योहारों के माध्यम से गहरे सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना भी है. उन्होंने बताया कि ये थीम-बेस्ड गुझिया ग्राहकों को स्वाद के साथ एक सकारात्मक सोच भी देती हैं. होली से पहले ही इनकी जबरदस्त मांग देखी जा रही है और लोग इन्हें गिफ्ट पैक में भी खरीद रहे हैं.

सेहत का ख्याल
ग्राहकों की सेहत को ध्यान में रखते हुए दुकान ने ‘फ्रूट गुझिया’ भी लॉन्च की है. इसमें पारंपरिक खोया और मेवे के साथ ताजे फलों का मिश्रण किया गया है. यानी क्लासिक स्वाद के साथ हेल्दी ट्विस्ट भी दिया गया है, जो खासकर युवाओं को पसंद आ रहा है.

60 हजार रुपये किलो की गोल्ड कोटेड गुझिया
प्रीमियम ग्राहकों के लिए 24 कैरेट गोल्ड कोटिंग वाली ‘एग्जॉटिका गुझिया’ भी उपलब्ध है. इसे साउथ अफ्रीका के मैकाडामिया नट्स, किन्नौर के पाइन नट्स और कश्मीर की केसर जैसे दुर्लभ ड्राई फ्रूट्स से तैयार किया गया है. 24 कैरेट सोने की पतली परत से सजी इस खास गुझिया की कीमत करीब 60,000 रुपये प्रति किलो है. एक पीस की कीमत 600 रुपये से अधिक है, जबकि चार पीस का डिब्बा लगभग 2,400 रुपये में मिल रहा है. महंगी होने के बावजूद ग्राहकों में इसे खरीदने की होड़ लगी है.

AI से बढ़ी ऑनलाइन बिक्री
दुकान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए ग्राहकों की पसंद के अनुसार कस्टमाइजेशन की सुविधा भी शुरू की है. इसके चलते ऑनलाइन बिक्री में करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

रिपोर्टर: अंकित मिश्रा

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement