देश में बढ़ती ऊर्जा जरूरतों और ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील का असर अब आम लोगों के साथ-साथ जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों में भी दिखाई देने लगा है. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल ने एक अनोखी पहल करते हुए साइकिल से कोर्ट पहुंचकर लोगों को पेट्रोल और डीजल बचाने का संदेश दिया. जिसके बाद से उनकी ये खास पहल अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. चलिए आपको बताते हैं पूरी बात क्या है.
साइकिल चलाकर पहुंचे हाई कोर्ट
जस्टिस डीडी बंसल मंगलवार सुबह सिविल लाइंस स्थित पचपेड़ी के सरकारी आवास से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट तक साइकिल चलाकर पहुंचे. उन्होंने शहर की व्यस्त और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर करीब 3 किलोमीटर तक साइकिल चलाई. इस दौरान लोगों ने उन्हें देखकर हैरानी भी जताई और उनकी पहल की सराहना भी की. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई अपील के बाद जस्टिस बंसल पहली बार साइकिल से कोर्ट पहुंचे. उन्होंने आम नागरिकों से भी तेल की बचत करने और जरूरत पड़ने पर साइकिल या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की अपील की.
कर्मचारियों ने भी दिया साथ
जस्टिस डीडी बंसल के साथ कोर्ट का एक कर्मचारी भी साइकिल पर नजर आया. कर्मचारी उनके बैग, टिफिन और अन्य जरूरी सामान को लेकर साइकिल से ही कोर्ट पहुंचा. इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई कि छोटी पहल भी बड़े बदलाव का कारण बन सकती है.
चीफ जस्टिस से मिली प्रेरणा
जस्टिस डीडी बंसल ने बताया कि उन्हें मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस Sanjeev Sachdeva से प्रेरणा मिली. उन्होंने कहा कि संकट के समय में ईंधन की बचत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए.
रिपोर्टर: धीरज शाह
ये भी पढ़ें: