Advertisement

Dhanbad News: युवक हुआ परेशान, तो टावर पर चढ़ गया... करने लगा CM से बात करने की मांग, जानें आखिर क्या थी वजह

धनबाद के टुंडी में भ्रष्ट सिस्टम से परेशान एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. 24 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और मुख्यमंत्री या डुमरी विधायक जयराम महतो से बातचीत कराने की मांग पर अड़ गया.

टावर से उतरने हुए युवक
सिथुन मोदक
  • धनबाद,
  • 04 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:36 AM IST

धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के लछुरायडीह पंचायत के काजी टोला, बादलपुर पर हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया. दरअसल 24 वर्षीय जाहिद अंसारी अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. युवक का कहना था कि वह भ्रष्ट सिस्टम और अपनी परेशानियों से काफी आहत है. उसने मौके पर मौजूद पुलिस के सामने मांग रखी कि उसकी बातचीत राज्य के मुख्यमंत्री या टाइगर जयराम महतो से कराई जाए. 

जयराम महतो से बात करने के बात उतरा टावर से

युवक के टावर पर चढ़े रहने से पुलिस प्रशासन की चिंता भी बढ़ती गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवक को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया. लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा. आखिरकार जयराम महतो से उसकी फोन पर बातचीत कराई गई. बातचीत के बाद जाहिद अंसारी खुद ही मोबाइल टावर से नीचे उतर आया.

पुलिस की नसीहत, युवा न उठाएं ऐसा कदम

टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने युवाओं से ऐसे जोखिम भरे कदम नहीं उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि आजकल कुछ युवा सोशल मीडिया पर हाइलाइट होने और व्यूज बढ़ाने के लिए भी खतरनाक कदम उठा लेते हैं. उन्होंने युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कानून और प्रशासन का सहारा लेने की नसीहत दी.

समस्याएं नहीं कीं साफ

टावर पर चढ़े जाहिद अंसारी ने टावर से नीचे उतरने के बाद कहा कि वह केवल सरकार से बात करेंगे. युवक ने कहा कि वह अपनी परेशानी केवल उन्हें बताएगा जो समाधान कर सकता है. उनका कहना है कि हर किसी को परेशानी बताने से वह बात मजाक बन जाएगी. इसलिए फिलहाल के लिए वह किन समस्याओं से परेशान थे और आखिर क्यों टावर पर चढ़कर विरोध जताने का फैसला किया, इसका जवाब नहीं मिल पाया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement