मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके के सराफा व्यापारी अंतिम सोनी को रायपुरवा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने देर रात गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने दो बच्चों की मां को शादी के जाल में फंसाने के इरादे से 58 लाख रुपये की लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी. जांच में सामने आया कि जिस खाते में लाखों रुपये होने का दावा किया गया था, उसमें सिर्फ 1710 रुपये ही थे. इनमें से भी 1500 रुपये उसने शहर आने से पहले ऑनलाइन उधार लिए थे. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही तीन शादियां कर चुका है.
मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुआ संपर्क
करीब चार महीने पहले आरोपी की मुलाकात शहर की एक महिला से शादी डॉट कॉम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नवरात्र में सगाई तय कर दी गई. महिला का भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने 65 लाख रुपये का फ्लैट खरीदने की बात कही और साथ में 30 लाख नकद व 8 लाख के गहने लाने का दावा किया. इसके बाद उसने खुद ही लूट की झूठी सूचना देकर मामला दर्ज करा दिया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई गईं. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी ट्रेन से उतरने के बाद आराम से सिगरेट पीता नजर आया, जबकि उसका बैग कुछ दूरी पर रखा था. इतनी बड़ी रकम होने के बावजूद उसकी लापरवाही ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया.
लोकेशन और बयान में मिला अंतर
आरोपी ने घटना स्थल अफीमकोठी बताया था, लेकिन सर्विलांस जांच में उसकी लोकेशन पनकी क्षेत्र में मिली. वहां लगे कैमरों में वह बैग के साथ घूमता हुआ दिखाई दिया. जब बैग की जांच की गई, तो उसमें रखा सामान पूरी तरह व्यवस्थित मिला. इससे साफ हो गया कि लूट की कहानी में सच्चाई नहीं है.
पूछताछ में कबूला सच
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि महिला को प्रभावित करने और शादी के लिए तैयार करने के मकसद से उसने यह पूरी कहानी बनाई थी. इतना ही नहीं, उसने लुटेरों का जो हुलिया बताया था, वह महिला के बेटों से मिलता-जुलता था, ताकि शक उन्हीं पर जाए.
पहले भी कर चुका है धोखाधड़ी
एडीसीपी अर्चना सिंह के मुताबिक, आरोपी इंदौर में भी एक मामले में वांछित है, जहां उसने नकली सोना गिरवी रखकर लोन लिया था. मेरठ में भी वह पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर लोगों को ठग चुका है. उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स से कई महिलाओं के साथ बातचीत के सबूत भी मिले हैं.
अब बढ़ेगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, झूठी लूट की कहानी बनाकर मामला दर्ज कराने के चलते आरोपी पर लूट के साथ-साथ फर्जी साक्ष्य तैयार करने की धाराएं भी लगाई जाएंगी. आरोपी ने दावा किया था कि कानपुर में ऑटो में बैठने के दौरान बदमाशों ने उससे मारपीट कर नकदी और जेवरात लूट लिए, लेकिन जांच में यह पूरी कहानी मनगढ़ंत साबित हुई.
(रिपोर्ट- सिमर चावला)
ये भी पढ़ें