पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए लागू होगा नया ट्रैफिक सिस्टम, IIT रुड़की की मदद से तैयार हुआ Traffic Eye डिवाइस

नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ और उससे उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने "ट्रैफिक आई" (Traffic Eye) पहल की शुरुआत की है.

Nainital traffic eye smart management system
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:25 AM IST

उत्तराखंड सरकार ने नैनीताल में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को देखते हुए एक अहम कदम उठाया है. पर्यटन और धार्मिक महत्व वाले इस जिले में हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे सड़कों पर दबाव बढ़ जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर ट्रैफिक को स्मार्ट बनाने की दिशा में काम शुरू किया गया है.

आईजी कुमाऊं की पहल
इस पूरे प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने ली है. उनका फोकस है कि ट्रैफिक मैनेजमेंट को तकनीक के जरिए बेहतर बनाया जाए, ताकि जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सके. इसके लिए Intelligent Traffic Management System लागू करने की तैयारी की जा रही है.

पहले चरण में क्या होगा
इस योजना के पहले चरण में 17 अहम जगहों और पार्किंग एरिया में कुल 37 'Traffic Eye' डिवाइस लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है. ये सभी स्थान ऐसे चुने गए हैं, जहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है. इससे शुरुआती स्तर पर ही ट्रैफिक कंट्रोल करने में मदद मिलेगी. सिर्फ 37 डिवाइस ही नहीं, बल्कि आगे चलकर 70 से ज्यादा 'Traffic Eye' डिवाइस लगाने की योजना है. इसके लिए करीब 69 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है. यानी आने वाले समय में यह सिस्टम और भी बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा.

IIT रुड़की का तकनीकी सहयोग
इस सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की का सहयोग लिया गया है. इस तकनीक की मदद से सड़कों और पार्किंग में वाहनों की संख्या, खाली जगह और ट्रैफिक की स्थिति को रियल टाइम में मॉनिटर किया जा सकेगा. इससे ट्रैफिक को सही तरीके से डायवर्ट और मैनेज करना आसान होगा.

ट्रायल में दिखें अच्छे नतीजे
इस सिस्टम का ट्रायल पहले ही कुछ जगहों पर किया जा चुका है, जैसे मेट्रोपोल पार्किंग, डीएसए पार्किंग, अशोक पार्किंग और सिविल कोर्ट क्षेत्र. यहां मिले अच्छे नतीजों के बाद ही इसे बड़े स्तर पर लागू करने का फैसला लिया गया है. पहले चरण में नारिमन तिराहा काठगोदाम, भीमताल मोड़, भवाली चौराहा, बारापत्थर, तल्लीताल और कालाढूंगी तिराहा जैसे प्रमुख इलाकों में ये डिवाइस लगाए जाएंगे. ये सभी जगहें ट्रैफिक के लिहाज से काफी संवेदनशील मानी जाती हैं.

पर्यटन सीजन में बड़ी राहत
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा पर्यटन सीजन में देखने को मिलेगा. जब नैनीताल में भीड़ बढ़ती है, तब जाम की समस्या आम हो जाती है. ऐसे में यह स्मार्ट सिस्टम ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभालने में मदद करेगा और लोगों को ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा.

(रिपोर्ट- लीला सिंह बिष्ट)
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED