मीडिल ईस्ट में चल रहे वैश्विक संकट के बीच, महंगाई और गैस के बढ़ते दाम से परेशन हो रहे आम लोगों के लिए एक राहत देने वाली खबर सामने आई है. अब अगर किसी घर में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस का कनेक्शन लग जाता है, तो परिवार को अपना LPG गैस सिलेंडर सरेंडर करने की मजबूरी नहीं होगी. केंद्र सरकार ने रसोई गैस से जुड़े नियमों में बदलाव करते हुए उपभोक्ताओं को ज्यादा सुविधा देने की कोशिश की है. खास तैर पर यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अंतरराष्ट्रीय हालातों की वजह से ईंधन और गैस को लेकर चिंता विश्व स्तर पर बढ़ी हुई है.
नियमों में बदलाव से दूर होगी उपभोक्ताओं की उलझन
दरअसल, जिन घरों में PNG कनेक्शन पहुंच चुका था, वहां कई लोग इस बात को लेकर असमंजस में रहते थे कि क्या अब LPG कनेक्शन बंद करना जरूरी होगा. कई परिवार भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सिलेंडर भी रखना चाहते थे, लेकिन नियमों को लेकर स्पष्टता नहीं थी.
अब सरकार ने इस भ्रम को खत्म करते हुए LPG सप्लाई और गैस कनेक्शन से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए नियम के बाद उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के हिसाब से फैसला लेने की आजादी दी जाएगी. यानी अब PNG होने का मतलब यह नहीं होगा कि LPG कनेक्शन तुरंत जमा ही करना पड़ेगा.
मिलेगा 2 ऑप्शन
केंद्र सरकार के नए नियम के मुताबिक, जिन लोगों के पास पहले से LPG कनेक्शन है और वे PNG कनेक्शन भी लेते हैं, उनके सामने अब दो विकल्प होंगे.
पहला विकल्प यह है कि उपभोक्ता चाहें तो PNG कनेक्शन मिलने के 30 दिनों के भीतर अपना LPG कनेक्शन बंद करवा सकते हैं.
वहीं दूसरा और सबसे राहत वाला विकल्प यह दिया गया है कि उपभोक्ता ट्रांसफर वाउचर (Transfer Voucher) ले सकते हैं. इस सुविधा के जरिए अगर भविष्य में वे किसी ऐसे इलाके में शिफ्ट होते हैं, जहां PNG की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो वे अपने LPG कनेक्शन को फिर से शुरू करवा सकेंगे. यानी गैस कनेक्शन दोबारा लेने की लंबी प्रक्रिया और झंझट से लोगों को राहत मिलेगी.
ट्रांसफर वाउचर का क्या होगा फायदा?
नया ट्रांसफर वाउचर सिस्टम उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जो काम के कारण अकसर शहर बदलते रहते हैं. अब उन्हें हर बार नया गैस कनेक्शन लेने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.
मान लीजिए कोई परिवार ऐसे शहर में रहता है जहां PNG उपलब्ध है और बाद में उसका ट्रांसफर किसी छोटे शहर या गैर-PNG इलाके में हो जाता है, तो वहां LPG कनेक्शन फिर से चालू कराने में आसानी होगी. इससे समय और कागजी प्रक्रिया दोनों की बचत हो सकती है.
नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
सरकार के इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा ट्रांसफरेबल नौकरी करने वाले लोगों को मिलने वाला है. जैसे सरकारी कर्मचारी, बैंक कर्मचारी और प्राइवेट सेक्टर के वे कर्मचारी, जिन्हें अक्सर एक शहर से दूसरे शहर जाना पड़ता है.
उपभोक्ताओं की सुविधा पर सरकार का फोकस
सरकार का यह नया कदम गैस सेवाओं को ज्यादा आसान और लचीला बनाने की दिशा में अहम निर्णय है. इससे लोगों को अपनी जरूरत और परिस्थितियों के हिसाब से PNG और LPG का चयन करने का मौका मिलेगा और गैस कनेक्शन को लेकर होने वाली परेशानियां काफी हद तक कम हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें