बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा जा रहे हैं. राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है. राज्यसभा के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों में आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह (एडी सिंह) के सबसे अधिक संपत्ति है. सीएम नीतीश कुमार के पास सबसे कम संपत्ति है.
नीतीश कुमार के पास कितनी है संपत्ति
सीएम नीतीश कुमार के पास कुल मिलाकर 1.66 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति है. वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय मात्र 7.87 लाख रुपए दर्ज की गई. नीतीश कुमार के शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास सिर्फ 20 हजार 552 रुपए कैश हैं. चल संपत्ति के तौर पर नीतीश कुमार के पास कुल 17.91 लाख रुपए की संपत्ति है. नीतीश कुमार के पास ज्वेलरी के तौर पर केवल 20 ग्राम सोने की एक अंगूठी और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी है, जिसकी कुल कीमत करीब 2.37 लाख रुपए बताई गई है. नीतीश के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट्स कार, जिसे उन्होंने वर्ष 2015 में 11.32 लाख रुपए में खरीदा. अचल संपत्ति के तौर पर नीतीश के पास दिल्ली के द्वारका में संसद कोऑपरेटिव का एक फ्लैट है. लगभग एक हजार वर्ग फीट के इस फ्लैट को उन्होंने वर्ष 2004 में 13.78 लाख रुपए में खरीदा था. फ्लैट की वर्तमान कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपए बताई गई.
रामनाथ ठाकुर की संपत्ति नीतीश से ज्यादा
जेडीयू के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर की संपत्ति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ज्यादा है. रामनाथ ठाकुर के पास कुल 3.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें 1.64 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 1.48 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है. वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 35.77 लाख रुपए थी. रामनाथ ठाकुर के पास नकद के रूप में 1.26 लाख रुपए हैं.
नितिन नवीन के पास कितनी है संपत्ति
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की कुल चल संपत्ति करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपए है. नितिन नवीन की पत्नी के पास 84 लाख रुपए की चल संपत्ति है. नितिन नवीन के नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 1 करोड़ 47 लाख रुपए की अचल संपत्ति दर्ज है. शपथ पत्र के मुताबिक नितिन नवीन के पास 55 हजार रुपए नकद जबकि अलग-अलग बैंकों में उनके करीब 62 लाख रुपए जमा हैं. नितिन नवीन के पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार है. नितिन नवीन पर तकरीबन 32 लाख रुपए का लोन बकाया है.
शिवेश कुमार के पास कितनी है संपत्ति
बीजेपी उम्मीदवार शिवेश कुमार की वार्षिक आय 24 लाख 35 हजार रुपए है. शिवेश कुमार की पत्नी की वार्षिक आय 6 लाख 57 हजार रुपए है. शिवेश कुमार के पास 2 लाख 24 हजार रुपए नकद हैं और बैंकों और वित्तीय संस्थानों में करीब 24 लाख रुपए जमा हैं. शिवेश कुमार के पास एक स्कॉर्पियो, मारुति और इनोवा क्रिस्टा कार है. उनकी कुल चल संपत्ति लगभग 98 लाख रुपए बताई गई है. अचल संपत्ति की बात करें तो शिवेश कुमार के पास करीब 2 करोड़ 72 लाख रुपए की अचल संपत्ति है. शिवेश कुमार पर तकरीबन 12 लाख 20 हजार रुपए का लोन भी बकाया है.
एडी सिंह के पास सबसे ज्यादा संपत्ति
राज्यसभा के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों में आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह (एडी सिंह) के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है. एडी सिंह ने अपने शपथ पत्र में 243 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई है. अमरेंद्र धारी सिंह के पास कुल अचल संपत्ति 36 करोड़ 3 लाख 6 हजार 500 रुपए की है. कुल चल संपत्ति 2,06,98,93,027 रुपए है. एडी सिंह के पास कुल कैश 4,50,000 रुपए हैं. एडी सिंह के पास सोना 43.20 ग्राम और चांदी 5 केजी है. एडी सिंह के पास टोयोटा और हुंडई वेन्यू गाड़ियां हैं.
उपेंद्र कुशवाहा के पास कितनी है संपत्ति
आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के पास कुल चल संपत्ति 44 लाख 94 हजार 497 रुपए की है. कुशवाहा के पास कुल अचल संपत्ति 35 लाख रुपए की है. उपेंद्र कुशवाहा के पास कैश 70 हजार रुपए हैं. उपेंद्र कुशवाहा के पास सोना 10 ग्राम है. उपेंद्र कुशवाहा के पास एक टोयोटा गाड़ी है.
(शशि भूषण की रिपोर्ट)