Advertisement

Noida Food Safety Action: हरियाणा से नोएडा पहुंचा 300 किलो नकली पनीर! खाद्य विभाग ने मौके पर किया नष्ट, हड़कंप

नोएडा के गढ़ी चौखंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर मेवात (हरियाणा) से आया 300 किलो संदिग्ध पनीर मौके पर नष्ट कराया. त्योहारों के मद्देनजर चलाए गए अभियान के तहत कुल 8 खाद्य नमूनों को लैब भेजा गया है.

Paneer destroyed in Noida
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:39 AM IST

आगामी त्योहारों को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है. लोगों को शुद्ध और गुणवत्ता वाला खाद्य सामान मिले, इसके लिए जिले में अलग-अलग जगहों पर जांच की जा रही है. इसी अभियान के तहत आज दूध और दूध से बने उत्पादों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने लिए.

शौकीन डेयरी से मिला 300 किलो पनीर
खाद्य विभाग की टीम ने नोएडा के गढ़ी चौखंडी स्थित शौकीन डेयरी पर कार्रवाई की. यहां करीब 300 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ. बताया गया कि इस पनीर की सप्लाई मेवात, हरियाणा से की गई थी. अधिकारियों ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया. वहीं, प्रथम दृष्टया पनीर उपयोग के लिए सही नहीं लगने पर करीब 300 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.

इन जगहों से भी लिए गए नमूने
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के कई इलाकों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की. डीएनडी फ्लाईओवर के पास, सेक्टर-88 नोएडा मंडी, तुगलपुर, नॉलेज पार्क-2 और यथार्थ हॉस्पिटल के पास स्थित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए.

पनीर, दही और खोया समेत 8 सैंपल
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आज चलाए गए अभियान में कुल 8 नमूने लिए गए हैं. इनमें पनीर, दही, खोया और बूंदी के लड्डू समेत दूसरे खाद्य पदार्थ शामिल हैं. सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

त्योहारों में मिलावट पर रहेगी नजर
त्योहारों के समय दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग इलाकों में जांच कर रही हैं. विभाग का मकसद लोगों तक शुद्ध और गुणवत्ता वाला खाद्य सामान पहुंचाना और मिलावटी या मानकविहीन सामान की बिक्री पर रोक लगाना है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement