दिल्ली सहित उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार और राजस्थान तक जहां इस समय भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं अब मौसम विभाग ने 11 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी के अनुसार, कई राज्यों में तेज हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है.
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली में 27 अप्रैल को दिनभर तेज और जानलेवा लू चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. 28 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी का मौसम
यूपी में 27 अप्रैल तक गर्मी और लू का असर जारी रहेगा. 28 अप्रैल से मौसम बदलने की संभावना है और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, और गाजियाबाद में लू का असर बना रहेगा.
तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
नॉर्थ बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. लोगों को घर से निकलते वक्त सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग ने दी है.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में चार दिन अलर्ट
27 से 30 अप्रैल के बीच भोपाल, ग्वालियर, और छतरपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है. हवा की रफ्तार 50-55 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
उत्तराखंड में गर्मी के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश हो सकती है. वहीं 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं.
राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल में अलर्ट
राजस्थान में फिलहाल लू का प्रकोप जारी है और बाड़मेर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. 28 से 30 अप्रैल के बीच पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है.
वहीं हरियाणा के भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत और सोनीपत में बारिश-आंधी का अलर्ट है. IMD ने लोगों के लिए सावधानी बरतने को कहा है. खास कर बाइक चालकों को अलर्ट रहने की जरूरत है.
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, शिमला और किन्नौर में 28 से 30 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. भीषण गर्मी के बीच आने वाला यह मौसम बदलाव काफी हद तक राहत देगा. लेकिन कुछ जगहों पर मुश्किलें भी बढ़ा सकती हैं.
गुजरात में पारा 45 डिग्री के पार, 11 शहरों में येलो अलर्ट जारी
गुजरात में अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. राज्य के लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं. रविवार को राज्य के 11 प्रमुख शहरों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया. इनमें से अहमदाबाद में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अहमदाबाद में भीषण गर्मी ने इस साल का 24 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. पिछली बार साल 2002 में अप्रैल महीने में पारा 44 डिग्री तक पहुंचा था, मौसम विभाग ने आज हीटवे की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही कहा है कि अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. ऐसे में हमें आने वाले दिनों में गर्मी से राहत कब मिलेगी, इस बारे में मौसम विभाग के पूर्वानुमान का इंतजार रहेगा.
(इनपुट- ब्रजेश दोशी)
ये भी पढ़ें