Advertisement

खुद लिखी अपनी तकदीर, Nykaa की फाल्गुनी नायर बनी देश की सबसे अमीर 'सेल्फ-मेड' महिला

आज कौन ही होगा जो ब्यूटी स्टार्टअप Nykaa के बारे में नहीं जानता है. फाल्गुनी नायर ने लगभग 50 साल की उम्र में कंपनी को शुरू किया था और आज इसके आईपीओ की लिस्टिंग हुई. जिसके बाद फाल्गुनी देश की सबसे अमीर 'सेल्फ-मेड' महिला बन गई हैं.

फाल्गुनी नायर अभिनेत्री कैटरीना कैफ के साथ
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 10 नवंबर 2021,
  • अपडेटेड 6:45 PM IST
  • बैंक की नौकरी छोड़ शुरू किया था स्टार्टअप
  • बुधवार को हुई Nykaa की लिस्टिंग
  • बनी देश की सबसे अमीर 'सेल्फ-मेड' महिला

आज कौन ही होगा जो ब्यूटी स्टार्टअप Nykaa के बारे में नहीं जानता है. साल 2012 में शुरू हुई यह कंपनी ब्यूटी प्रॉडक्ट्स के लिए बाजार में अपना अच्छा-खासा नाम बना चुकी है. इस कंपनी को शुरू करने वाली फाल्गुनी नायर कोई ब्यूटी एक्सपर्ट नहीं हैं, बल्कि MBA करके बैंकिंग सेक्टर में नौकरी कर रही थीं. 

लगभग 50 साल की उम्र में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर ऐसे बिज़नेस में कदम रखा, जहां पहले से ही बड़े ब्रांड्स बाजार में उपलब्ध हैं. लेकिन अपनी मेहनत और जुनून के दम पर फाल्गुनी ने न सर्फ Nykaa को आगे बढ़ाया बल्कि आज खुद अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब हुई हैं. 

बनी देश की सबसे अमीर 'सेल्फमेड' महिला: 

बुधवार को Nykaa की लिस्टिंग हुई और शेयर बाजार ने इस आईपीओ का जोरदार स्वागत किया. इसी के साथ फाल्गुनी नायर देश और दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में शामिल हो गईं. 

Nykaa में फाल्गुनी की हिस्सेदारी करीब आधी है. आज शेयर बाजार में Nykaa की लिस्टिंग के साथ ही नायर की संपत्ति 6.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. जिसके बाद नायर देश की सबसे अमीर 'सेल्फ-मेड' महिला बन गई हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है. 

एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स Nykaa की पैरेंट कंपनी है. जोमैटो व सोना कॉमस्टार के बाद Nykaa इस साल का तीसरा सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) है. 

बैंक की नौकरी छोड़ शुरू किया था स्टार्टअप: 

फाल्गुनी नायर ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, अहमदाबाद से पढ़ाई की और बैंकिंग सेक्टर में कई साल तक काम किया. उनका जीवन सही चल रहा था. उनके पास अच्छे ओहदे वाली नौकरी थी और वह काफी अच्छा कमा रही थीं. लेकिन फाल्गुनी संतुष्ट नहीं थीं. 

वह भीड़ से निकलकर अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती थी. और आखिरकार उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया. साल 2012 में लगभग 50 की उम्र में उन्होंने अपने ई-कॉमर्स वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड Nykaa.com की शुरुआत की.

कैसे मिला आईडिया:

बात अगर आईडिया की करें तो फाल्गुनी ने एक साक्षात्कार में बताया था कि Nykaa का आइडिया उन्हें एक मल्टी-ब्रैंड ब्यूटी प्रोडक्ट स्टोर्स का दौरा करते हुए आया. हालांकि, वह खुद बहुत नियमित रूप से सौंदर्य उत्पाद नहीं खरीदती थीं. लेकिन फिर भी उन्हें सिर्फ ब्रांड के नाम पर बहुत पैसे खर्चने पड़ते थे. 

उन्हें लगा कि अलग-अलग ब्रांड्स के चक्कर लगाने की बजाय ग्राहकों के लिए एक सिंगल स्टोर होने चाहिए, जहां सबकुछ मिल जाए. और उन्होंने वैसा ही ऑनलाइन सिंगल स्टोर बनाया.

खड़ा किया करोड़ों का कारोबार:

जब फाल्गुनी ने अपने स्टार्टअप की शुरुआत की, तब भी बाजार में नामी-गिरामी ब्यूटी ब्रांड्स उपलब्ध थे. लेकिन उन्होंने एक अलग आईडिया पर काम किया. वह ग्राहकों के लिए ब्यूटी प्रोडक्ट्स की शॉपिंग को आसान और मजेदार बनाना चाहती थीं. उन्होंने ऐसा किया भी. 

आज Nykaa की वेबसाइट पर हर महीने 55 मिलियन यूजर्स विजिट कर रहे हैं. वेबसाइट पर मेकअप, स्किनकेयर से लेकर हेल्थ सप्लीमेंट आदि तक 1,200 से अधिक ब्रांड्स उपलब्ध हैं. भारत में Nykaa के छह वेयरहाउस हैं, जिन्हें हर महीने 13 मिलियन से अधिक ऑर्डर मिलते हैं.

महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं फाल्गुनी: 

इस बात में कोई दो राय नहीं है कि फाल्गुनी नायर आज हर उम्र की महिला के लिए एक प्रेरणा हैं. खासकर कि ऐसी महिलाओं के लिए जो माँ बनने के बाद अक्सर अपने सपनों को भूल जाती हैं. फाल्गुनी अपने बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी को निभाते हुए आगे बढ़ रही हैं. 

फाल्गुनी का कहना है कि अगर महिलाएं अपने इरादों को मजबूत कर लें तो वे कुछ भी हासिल कर सकती हैं. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement