अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को रिन्यू कराने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. केंद्र सरकार ने लगभग 14 साल बाद पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी कर दी है. नई फीस 1 जुलाई 2026 से लागू होगी. इसके बाद नया पासपोर्ट बनवाने, पासपोर्ट रिन्यू कराने, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट की जगह नया पासपोर्ट जारी करने और बच्चों के पासपोर्ट के लिए पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा. ऐसे में अगर आप आवेदन करने की सोच रहे थे, तो बिना देरी किए जल्द आवेदन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
1 जुलाई से लागू होंगी नई फीस
18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों और 15 से 18 साल के उन नाबालिगों के लिए जो एडल्ट कैटेगरी में आवेदन करते हैं, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है. वहीं तत्काल सेवा के लिए अब 3500 रुपये की जगह 5000 रुपये देने होंगे.
60 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2000 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दी गई है. वहीं 60 पेज के तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 4000 रुपये के बजाय 6000 रुपये खर्च करने होंगे.
अगर पासपोर्ट खो गया है या क्षतिग्रस्त हो गया है और तत्काल नया पासपोर्ट बनवाना है, तो 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए अब 7000 रुपये देने होंगे. पहले इसकी फीस 5000 रुपये थी.
बच्चों के पासपोर्ट की फीस भी बढ़ी
माइनर कैटेगरी में 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1000 रुपये से बढ़ाकर 1750 रुपये कर दी गई है. वहीं तत्काल सेवा के लिए अब 3000 रुपये की जगह 4250 रुपये का शुल्क देना होगा.
पासपोर्ट की वैधता में कोई बदलाव नहीं
सरकार ने केवल फीस में बदलाव किया है. पासपोर्ट की वैधता पहले की तरह ही रहेगी. सामान्य पासपोर्ट 10 साल तक वैध रहेगा. वहीं नाबालिग का पासपोर्ट 5 साल या उसके 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, वैध माना जाएगा.
घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाएं. वहां Apply for Passport विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद Fresh Passport, Re-issue, Tatkal या अन्य संबंधित कैटेगरी का चयन करें. जरूरी जानकारी भरें, दस्तावेज अपलोड करें, शुल्क का भुगतान करें और पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपॉइंटमेंट बुक कर दें. तय तारीख पर दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ये भी पढ़ें: