पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक समाकांत मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी रेनू मिश्रा और उसके कथित प्रेमी शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस का दावा है कि दोनों ने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे समाकांत मिश्रा को चाय में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिए. पुलिस के अनुसार, समाकांत मिश्रा मूल रूप से कोतवाली क्षेत्र के गांव अहिरवाड़ा का रहने वाला था. वह वर्तमान में बीसलपुर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां, जनता नगर कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहा था. 18 जुलाई को वह बरेली से मजदूरी कर घर लौटा था. घर पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी रेनू मिश्रा को उसके कथित प्रेमी शिवम शुक्ला, निवासी रेशर कोठी, थाना रामचंद्र मिशन, जिला शाहजहांपुर, के साथ देख लिया. इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और समाकांत ने इसका विरोध किया.
पांच साल से घर आता-जाता था शिवम
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम शुक्ला पिछले करीब पांच वर्षों से समाकांत के घर आता-जाता था. वह परिवार का दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है. इसी दौरान रेनू और शिवम के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया. समाकांत को इसकी जानकारी होने के बाद वह लगातार इसका विरोध करता रहा और पत्नी को समझाने की कोशिश भी करता था, लेकिन पुलिस के मुताबिक दोनों के संबंध जारी रहे.
चाय में मिलाया जहरीला पदार्थ
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को हुए विवाद के बाद रेनू और शिवम ने समाकांत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि शिवम जहरीला पदार्थ लेकर आया, जिसे रेनू ने चाय में मिलाकर समाकांत को पिला दिया. चाय पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
भाई की तहरीर पर शुरू हुई जांच
पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया. इसके बाद मृतक के भाई ब्रजगोपाल मिश्रा ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, तकनीकी तथ्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई. एसपी पीलीभीत सुकीर्ति माधव के निर्देश पर गठित टीम ने बीसलपुर क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी पुलिया के पास से रेनू मिश्रा और शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रेनू ने चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर पति को पिलाने की बात स्वीकार की.
डेढ़ साल की बेटी भी मां के साथ पहुंची जेल
दोनों आरोपियों को थाना बीसलपुर में दर्ज मुकदमे के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इस पूरे मामले का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि गिरफ्तार महिला की डेढ़ वर्षीय बेटी भी अपनी मां के साथ जेल चली गई. वहीं समाकांत मिश्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है.
ये भी पढ़ें