PM Kisan 22nd Installment: इन 5 कारणों से लिस्ट से कट सकता है किसानों का नाम, ऐसे चेक करें 2000 रुपये की किस्त मिलेगी या नहीं

PM-Kisan 22nd Installment: अगर किसी किसान का नाम गलती से सूची से हट गया है तो उसे दोबारा जोड़ा जा सकता है. इसके लिए किसान को अपने दस्तावेज अपडेट कराने होंगे. किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर ई-केवाईसी करवा सकते हैं या जमीन और बैंक से जुड़ी जानकारी को सही करवा सकते हैं.

PM-Kisan 22nd Installment
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:49 AM IST

देशभर के करोड़ों किसान इस समय पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. पहले उम्मीद थी कि होली के आसपास किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी, लेकिन अब चर्चा है कि 13 मार्च 2026 को 22वीं किस्त रिलीज हो सकती है

इसी बीच कई किसानों को यह चिंता भी है कि कहीं उनका नाम लाभार्थी सूची से हट तो नहीं गया. अगर ऐसा होता है तो उन्हें अगली किस्त का पैसा नहीं मिलेगा.

क्या है पीएम किसान सम्मान निधि?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देती है. इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की मदद दी जाती है.

यह राशि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. इसी क्रम में सरकार अब 22वीं किस्त जारी करने की तैयारी में है. किस्त जारी होने के बाद देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में सीधे 2,000 रुपये जमा होंगे.

कौन किसान होते हैं इस योजना के पात्र?
पीएम किसान योजना का लाभ उन किसानों को दिया जाता है जिनके पास खेती योग्य जमीन है और वे योजना की शर्तों को पूरा करते हैं.

इसके लिए किसान का नाम जमीन के रिकॉर्ड में होना जरूरी है. साथ ही किसान का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी होनी चाहिए. जिन किसानों ने इन जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया है, उन्हें किस्त मिलने में दिक्कत आ सकती है.

इन 5 कारणों से हट सकता है लाभार्थी सूची से नाम

1. ई-केवाईसी पूरी न होना
सरकार ने योजना के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है. जिन किसानों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनका नाम लिस्ट से हट सकता है.

2. आधार और बैंक खाते की जानकारी में गलती
अगर किसान के आधार नंबर, नाम या बैंक खाते की जानकारी में गलती होती है तो भुगतान अटक सकता है और नाम सूची से हट सकता है.

3. जमीन के रिकॉर्ड में समस्या
कई मामलों में जमीन के रिकॉर्ड अपडेट न होने या नाम दर्ज न होने की वजह से भी लाभार्थी सूची से नाम हट जाता है.

4. आयकर दाता होना
जो किसान टैक्स देते हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होते. अगर किसी किसान की आयकरदाता के रूप में पहचान हो जाती है, तो उसका नाम हटाया जा सकता है.

5. परिवार में पहले से लाभार्थी होना
एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिलता है. अगर परिवार के दो लोगों का नाम दर्ज हो जाता है तो बाद में एक नाम हटाया जा सकता है.

ऐसे चेक करें 22वीं किस्त की लाभार्थी सूची

किसान यह आसानी से पता लगा सकते हैं कि उनका नाम पीएम किसान की लाभार्थी सूची में है या नहीं.

इसके लिए उन्हें योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां Beneficiary List या Beneficiary Status विकल्प पर क्लिक करना होता है. इसके बाद राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरकर सूची देखी जा सकती है.

किसान अपने आधार नंबर, मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से भी अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं.

क्या हटे हुए किसान फिर से जुड़ सकते हैं?
अगर किसी किसान का नाम गलती से सूची से हट गया है तो उसे दोबारा जोड़ा जा सकता है. इसके लिए किसान को अपने दस्तावेज अपडेट कराने होंगे.

किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर ई-केवाईसी करवा सकते हैं या जमीन और बैंक से जुड़ी जानकारी को सही करवा सकते हैं. दस्तावेज सही होने के बाद अगली किस्तों में उनका नाम फिर से शामिल किया जा सकता है.

 

Read more!

RECOMMENDED