Pink Saheli Card
Pink Saheli Card
दिल्ली की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है. पहले जहां महिलाओं को भीड़-भाड़ से लड़ते हुए कागजी गुलाबी टिकट लेनी पड़ती थी, वहीं अब उसकी जगह पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड ने ले ली है. दिल्ली सरकार की इस नई पहल से महिलाओं के लिए बस में सफर करना और भी आसान हो जाएगा. लेकिन महिलाओं में इस बात कंफ्यूजन है कि इसे बनवाने के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी और आवेदन कैसे किया जा सकता है.
दिल्ली सरकार की इस योजना का फायदा हर महिला नहीं उठा पाएगी. पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड सिर्फ दिल्ली की स्थायी महिला निवासियों के लिए ही जारी किया जाएगा. इसके लिए महिला की उम्र कम से कम 12 साल होनी चाहिए. यदि कोई महिला एनसीआर के अन्य शहरों में रहती है, तो वह इस योजना के दायरे में शामिल नहीं होगी. सरकार ने यह भी साफ किया है कि यह कार्ड पूरी तरह व्यक्तिगत उपयोग के लिए होगा और इसे किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा.
पूरी तरह डिजिटल होगा कार्ड सिस्टम
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड पूरी तरह डिजिटल तकनीक पर आधारित होगा. कार्ड में लाभार्थी की बुनियादी जानकारी आधार से लिंक की जाएगी. कार्ड पर एक क्यूआर कोड भी प्रिंट होगा, जिसे बस में स्कैन किया जाएगा. जैसे मेट्रो कार्ड टैप किया जाता है, उसी तरह कंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर इस कार्ड को टैप करेंगे और यात्रा दर्ज हो जाएगी. हर यात्रा का रिकॉर्ड सिस्टम में सेव रहेगा. खास बात यह है कि महिलाओं के लिए ट्रिप की संख्या पर कोई सीमा तय नहीं की गई है. इससे बार-बार टिकट लेने की परेशानी खत्म होगी और यात्रा का डेटा भी आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा.
कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसमें आधार कार्ड अनिवार्य होगा. इसके अलावा दिल्ली का निवास प्रमाण पत्र देना भी जरूरी है, जिससे यह साबित हो सके कि आवेदक दिल्ली की स्थायी निवासी है. साथ ही एक पासपोर्ट साइज फोटो भी आवेदन के दौरान देनी होगी.
ऐसे करें आवेदन
इस कार्ड के लिए आवेदन करने के लिए दिल्ली में करीब 50 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इच्छुक महिलाएं काउंटर पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकती हैं. इसके बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. यदि सभी जरूरी कागज सही होंगे तो प्रक्रिया तेजी से पूरी हो जाएगी और जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी कर दिया जाएगा.