पढ़ने का शौक, लाइब्रेरी में समय... PM मोदी के बचपन के दोस्तों ने सुनाएं किस्से

पीएम मोदी के सहपाठी और रिटायर्ड टीचर चंदूभाई बताते हैं कि स्कूल के दिनों से ही नरेंद्र बाकी बच्चों से अलग थे. संघ की शाखा में जाना, अमृत वचन सुनाना और खेल से लेकर बौद्धिक चर्चाओं में ग्रुप का नेतृत्व करना उनकी शुरुआती आदत थी.

pm modi vadnagar childhood stories
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:19 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर देशभर में जश्न का माहौल है. लेकिन सबसे खास तस्वीरें उनके गृह नगर वडनगर से सामने आई हैं. यहां के लोग आज भी नरेंद्र मोदी के बचपन को याद करते हैं और उनकी सफलता को अपना गौरव मानते हैं. वडनगर की गलियों में आज भी उनके संघर्ष, मेहनत और नेतृत्व क्षमता की कहानियां सुनाई देती हैं.

बचपन से तेज दिमाग और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन के मित्र और सेवानिवृत्त शिक्षक चंदूभाई रामी ने पुरानी यादों को याद करते हुए बताया कि दोनों ने वडनगर के प्रेरणा स्कूल में साथ पढ़ाई की थी. उनके मुताबिक नरेंद्र मोदी बचपन से ही बेहद मेधावी छात्र थे. पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सोच और समझ भी अपने साथियों से अलग थी. चंदूभाई बताते हैं कि मोदी नियमित रूप से संघ की शाखा में जाते थे. वहां खेलकूद, बौद्धिक गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. अमृत वचन सुनाने से लेकर समूह का नेतृत्व करने तक, हर गतिविधि में वे आगे रहते थे.

देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नहीं भूले पुराने दोस्त
चंदूभाई रामी का कहना है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी ने अपने पुराने साथियों से रिश्ता नहीं तोड़ा. व्यस्त जिम्मेदारियों के बावजूद वे अपने बचपन के दोस्तों से जुड़े रहते हैं. कई मौकों पर पत्रों के माध्यम से संवाद करते हैं और जन्मदिन जैसे खास अवसरों पर शुभकामनाएं भी भेजते हैं. यही बात उन्हें आम लोगों के बीच और खास बनाती है.

लाइब्रेरी में घंटों बिताते थे समय
वडनगर निवासी त्रिकमलाल मकवाना भी प्रधानमंत्री मोदी के बचपन से जुड़े कई किस्से बताते हैं. उनके अनुसार, नरेंद्र मोदी पढ़ाई और खेल दोनों में आगे रहते थे. उन्हें किताबें पढ़ने का बेहद शौक था और वे अकसर वडनगर की लाइब्रेरी में घंटों समय बिताया करते थे. त्रिकमलाल का कहना है कि बचपन से ही उनमें सीखने और कुछ नया जानने की ललक दिखाई देती थी. यही आदत आगे चलकर उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी ताकत बनी.

वडनगर के लोगों को अपने बेटे पर गर्व
प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर वडनगर के लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि नरेंद्र मोदी ने देश के गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं. यही वजह है कि उनके गृह नगर के लोग आज भी उन्हें अपने बीच का ही एक व्यक्ति मानते हैं और उनकी उपलब्धियों पर गर्व महसूस करते हैं.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED