प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 जून को एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. हालांकि राजनीतिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी फिटनेस और अनुशासित लाइफस्टाइल भी अक्सर चर्चा में रहती है. 75 वर्ष की उम्र में भी उनकी सक्रियता और ऊर्जा लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है. आइए जानते हैं कि आखिर पीएम मोदी की फिटनेस का राज क्या है.
सुबह 4 बजे से शुरू होता है दिन
रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोज सुबह करीब 4 बजे उठते हैं. दिन की शुरुआत वह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने वाली गतिविधियों से करते हैं. उनकी सुबह की दिनचर्या में टहलना, योग, सूर्य नमस्कार और ध्यान शामिल हैं. योग लंबे समय से उनकी जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. वह कई बार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी योग के महत्व को बता चुके हैं. उनका मानना है कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करता है.
सादा और सात्विक भोजन
पीएम मोदी मुख्य रूप से शाकाहारी और सात्विक भोजन करते हैं. उनका खानपान हल्का, पौष्टिक और आसानी से पचने वाला माना जाता है. नाश्ते में वह अक्सर उपमा, खिचड़ी, खाखरा, उबली या भुनी हुई चीजें और कढ़ी जैसे पारंपरिक व्यंजन लेते हैं. दिन की शुरुआत वह अदरक वाली चाय से करते हैं. उनकी एक खास आदत यह भी बताई जाती है कि वह शाम 6 बजे के बाद भोजन नहीं करते. माना जाता है कि जल्दी भोजन करने से पाचन बेहतर रहता है और नींद की गुणवत्ता भी सुधरती है.
पांच दशक से अधिक समय से कर रहे हैं उपवास
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ बातचीत में बताया था कि उपवास उनकी अच्छी सेहत का एक बड़ा कारण है. उनके अनुसार उपवास केवल भोजन न करने का नाम नहीं है, बल्कि यह आत्म अनुशासन, मानसिक स्पष्टता और जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी है. उन्होंने बताया कि वह पिछले 50 वर्षों से नियमित रूप से उपवास कर रहे हैं. चातुर्मास के दौरान वह 24 घंटे में केवल एक बार भोजन करते हैं. वहीं नवरात्रि के दोनों पर्वों में भी कठोर व्रत रखते हैं. एक नवरात्रि में वह केवल गर्म पानी लेते हैं, जबकि दूसरे में नौ दिनों तक रोज सिर्फ एक प्रकार का फल खाते हैं.
कम नींद लेकिन नियमित दिनचर्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी प्रतिदिन लगभग साढ़े तीन घंटे की नींद लेते हैं. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि हर व्यक्ति की नींद की जरूरत अलग होती है. फिर भी नियमित समय पर सोना और जागना शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है.
ये भी पढ़ें: