Advertisement

PM Modi 76th Birthday: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी से 'सेवा संकल्प यात्रा' का आगाज, वडनगर के लिए रवाना होंगे 500 बाइकर्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.

पीएम के जन्मदिन पर सेवा संक्ल्प अभियान का आगाज
gnttv.com
  • वाराणसी,
  • 17 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:35 AM IST

देश के प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी आज यानी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. ऐसे में उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी जन्मदिन को खास बनाने की तैयारियां की गई हैं. प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिन के मौके पर बीजेपी के एक महीने तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत भी आज वाराणसी से हो रही है. इसी के तहत काशी से गुजरात के वडनगर तक 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' निकाली जाएगी.

ललिता घाट से शुरू होगा धार्मिक अनुष्ठान
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे 51 सेवा यात्री यानी बाइकर्स ललिता घाट पहुंचेंगे. यहां गंगा जल भरने के बाद डमरू दल और शंखनाद के बीच सभी सेवा यात्री बाबा विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे. बाबा दरबार पहुंचकर सेवा यात्री गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे. इसके बाद मंदिर में बटुकों की ओर से मंत्रोच्चार होगा. इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी. गंगाजल बाबा विश्वनाथ को अर्पित करने के बाद सेवा यात्री उसी आस्था और संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से फ्लैग ऑफ के बाद वडनगर के लिए रवाना होंगे.

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा बड़ा कार्यक्रम
17 सितंबर को दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे. इसके बाद जनसभा आयोजित होगी. जनसभा के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

कई बड़े नेता कार्यक्रम में रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के संयोजक और सांसद वीडी शर्मा समेत कई गणमान्य लोगों की भी मौजूदगी रहेगी. रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के बाहर यात्रा रवाना होने से पहले गुब्बारे छोड़े जाएंगे. इसके बाद अतिथिगण फ्लैग ऑफ कर सेवा यात्रियों को वडनगर के लिए रवाना करेंगे.

काशी की सीमा तक जगह-जगह होगा स्वागत
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से निकलने के बाद सेवा यात्रियों का वाराणसी की सीमा तक करीब दस स्थानों पर स्वागत किया जाएगा. काशीवासी और बीजेपी कार्यकर्ता जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाइक यात्रियों का स्वागत करेंगे. काशी से वडनगर तक जाने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर शुरू हो रहे 'सेवा संकल्प अभियान' का प्रमुख हिस्सा है.

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
बीजेपी का 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. एक महीने के इस अभियान के दौरान सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. काशी से वडनगर तक निकलने वाली बाइक यात्रा में गंगाजल से भरे कलश, बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, डमरुओं की गूंज और शंखनाद जैसे धार्मिक आयोजन भी शामिल हैं. इस तरह यात्रा को काशी की धार्मिक आस्था के साथ सेवा और संकल्प के संदेश से जोड़ा गया है.

250 बाइक्स पर 500 बाइकर्स, पुलिस करेगी एस्कॉर्ट
पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि करीब 250 बाइक्स पर 500 बाइकर्स सवार रहेंगे. ये बाइकर्स वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यात्रा शुरू करके वडनगर तक जाएंगे. पूरे रास्ते बाइकर्स की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम उनके साथ रहेगी और पुलिस एस्कॉर्ट भी करती रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो.
 

(रिपोर्ट- रोशन कुमार)

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement